ऊना, 8 जुलाई. सहायक आयुक्त विनय मोदी ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में अभियान के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए लोगों तक इसकी सही एवं वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाना आवश्यक है।
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए यह टीकाकरण अभियान देशभर में चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत 14 से 15 आयु वर्ग की बालिकाओं का टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खंड चिकित्सा अधिकारियों के माध्यम से ब्लॉक स्तर पर विशेष जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को इस टीकाकरण के महत्व से अवगत कराया जाए।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को प्रत्येक सरकारी एवं निजी विद्यालय में एक-एक नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक माह आयोजित होने वाली अभिभावक-अध्यापक बैठकों में एचपीवी टीकाकरण के संबंध में अभिभावकों को जागरूक करने तथा संबंधित क्षेत्रों की महिला जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समिति सदस्यों एवं पंचायत प्रधानों को भी इन बैठकों में आमंत्रित करने को कहा, ताकि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से भी अभियान का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जा सके।
सहायक आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों, रोटरी क्लब ऊना, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से भी अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
इससे पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक की गई गतिविधियों एवं प्रगति की जानकारी दी।
बैठक में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. ऋचा कालिया, जिला आयुष अधिकारी डॉ. किरण शर्मा, सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित, जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार, जिला श्रम अधिकारी अक्षय शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

0 Comments