Ticker

6/recent/ticker-posts

धर्मशाला स्थित राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में लड़कियों के कबड्डी ट्रायल्स 15 व 16 जुलाई को



धर्मशाला स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) में लड़कियों के लिए कबड्डी ट्रायल्स का आयोजन 15 एवं 16 जुलाई, 2026 को किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में आवासीय आधार पर प्रशिक्षण का अवसर प्रदान किया जाएगा।

भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, धर्मशाला के सहायक निदेशक ने बताया कि अंडर-18 श्रेणी के लिए खिलाड़ियों की आयु 16 वर्ष से अधिक तथा 18 वर्ष से कम होनी चाहिए। वहीं, अंडर-20 श्रेणी में खिलाड़ियों की आयु 19 से 20 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। चयन प्रक्रिया में 16 से 18 वर्ष आयु वर्ग की पात्र खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी। हालांकि, 19 से 20 वर्ष आयु वर्ग की खिलाड़ी भी आवेदन कर सकती हैं, यदि उन्होंने राष्ट्रीय अथवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त किया हो।

उन्होंने बताया कि आवेदकों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता होना अथवा भारतीय कबड्डी महासंघ की सब-जूनियर एवं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप, अंडर-18 युवा राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) अंडर-17 राष्ट्रीय चैंपियनशिप, खेलो इंडिया यूथ गेम्स अथवा सीनियर राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप जैसी प्रमुख प्रतियोगिताओं में भाग लेना आवश्यक है।

प्रवेश परीक्षण 15 एवं 16 जुलाई, 2026 को धर्मशाला स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के खेल परिसर, क्रिकेट स्टेडियम के समीप आयोजित किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को 15 जुलाई को सुबह 8:00 बजे रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा।

रिपोर्टिंग के समय अभ्यर्थियों को जन्म तिथि प्रमाण-पत्र (सरकारी दस्तावेज), आधार कार्ड, खेल उपलब्धि प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र तथा चार पासपोर्ट आकार के नवीनतम फोटो के मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इसके साथ प्रत्येक दस्तावेज की दो स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां भी जमा करनी होंगी।

चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, खेल विज्ञान सहायता, आधुनिक खेल अवसंरचना, निःशुल्क आवास एवं भोजन, खेल किट, विदेशी एक्सपोजर, अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण, शैक्षणिक सहायता तथा चिकित्सा बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

अधिक जानकारी के लिए इच्छुक खिलाड़ी राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, धर्मशाला से दूरभाष 01892-224807 अथवा ई-मेल ncoedharamshala.sai@gov.in पर संपर्क कर सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments