ग्रामीण क्षेत्रों की 18 से 50 वर्ष तक की महिलाएं कर सकती हैं आवेदन
हमीरपुर 20 अगस्त। मट्टनसिद्ध स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर में महिलाओं के लिए पहली सितंबर से निशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इस प्रशिक्षण के लिए एक बैच में 35 महिलाओं का चयन किया जाएगा।
आरसेटी के निदेशक अजय कतना ने बताया कि प्रशिक्षण की अवधि के दौरान प्रतिभागियों को रहने एवं खाने, वर्दी, प्रशिक्षण से संबंधित सारी सामग्री और अन्य सभी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को हेयर कटिंग एवं स्टाइलिंग, फेसियल, मेकअप, स्किन केयर, मेहंदी तथा अन्य सौंदर्य सेवाओं से संबंधित आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। अजय कतना ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों की 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं इस निशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग ले सकती हैं। प्रशिक्षण की समाप्ति के बाद प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे।
आरसेटी के निदेशक ने इच्छुक महिलाओं से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए अतिशीघ्र आवेदन करने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए 7018356094 पर संपर्क किया जा सकता है।

0 Comments