हमीरपुर 06 जुलाई। 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लड़कियों को सर्विकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) से बचाने के लिए आरंभ किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए अब जिला हमीरपुर में आवश्यकतानुसार स्कूल स्तर पर भी टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने जिला के सभी छह स्वास्थ्य खंडों के खंड चिकित्सा अधिकारियों को अपने-अपने खंडों के स्कूलों में टीकाकरण सत्र के लिए शेड्यूल तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि टीकाकरण सत्रों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष रूप से एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) जारी की है। सभी खंड चिकित्सा अधिकारी इन एसओपी की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करें।
डॉ. अजय अत्री ने बताया कि महिलाओं में बार-बार इनफेक्शन के कारण सर्विकल कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। सर्विकल कैंसर की शिकार लगभग 99.7 प्रतिशत महिलाओं में इसका कारण लंबे समय तक इनफेक्शन होना ही है। एक अध्ययन के अनुसार एक लाख महिलाओं में लगभग 14 महिलाएं इससे ग्रस्त पाई जाती हैं। महिलाओं में ब्रैस्ट कैंसर के बाद सर्विकल कैंसर सबसे ज्यादा पाया गया है। इस गंभीर रोग से बचाव के लिए ही एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान आरंभ किया गया है। यह टीका 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लड़कियों को भविष्य में सर्विकल कैंसर से बचाएगा।
0 Comments