कुल्लू, 7 सितंबर।
जिला रेडक्रॉस सोसाइटी और जिला दिव्यांगता पुनर्वास केंद्र कुल्लू की ओर से जिले की विभिन्न पंचायतों में दिव्यांगजनों के लिए विशेष दिव्यांगता पुनर्वास मूल्यांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे। सहायक आयुक्त एवं नोडल अधिकारी डॉ. जयबंती ठाकुर ने बताया कि ये शिविर 10 से 25 सितंबर तक आयोजित होंगे।
शिविरों की शुरुआत 10 सितंबर को ग्राम पंचायत टील के पंचायत घर से होगी। 11 सितंबर को थाटीबीड और गोपालपुर के लिए पंचायत घर थाटीबीड में शिविर लगाया जाएगा। 24 सितंबर को धाउगी, दुशाहड़, कनोंण, बनोगी, रैला-1, रैला-2 और देवगढ़ गोही पंचायतों के लिए सामुदायिक हाल सैंज में तथा 25 सितंबर को तुंग मशियर पंचायत के लिए पंचायत घर तुंग में शिविर आयोजित किया जाएगा। सभी शिविरों का समय सुबह 10 बजे निर्धारित किया गया है।
शिविरों में पीएंडटी टेक्नीशियन, स्पीच एंड हियरिंग टेक्नीशियन, विशेष शिक्षक, एमआरडब्ल्यू और मोबिलिटी इंस्ट्रक्टर सहित विशेषज्ञों की टीम मौजूद रहेगी। विशेषज्ञ दिव्यांगजनों की पुनर्वास जरूरतों का आकलन करने के साथ उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सहायता प्रदान करेंगे।
जिन दिव्यांगजनों के अभी तक दिव्यांगता प्रमाण पत्र या यूडीआईडी कार्ड नहीं बने हैं, उन्हें ये दस्तावेज बनवाने में भी सहायता दी जाएगी। इसके अलावा विकासात्मक देरी वाले बच्चों तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ नागरिकों की पहचान की जाएगी, जिन्हें चलने-फिरने या सुनने में परेशानी है, ताकि उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए जा सकें।
शिविरों के दौरान दिव्यांगता की शीघ्र पहचान और बचाव को लेकर जागरूकता सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। डॉ. जयबंती ठाकुर ने पात्र लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

0 Comments