जनगणना-2027 के तहत 1 से 30 सितम्बर तक चलेगा जनसंख्या गणना कार्य
*मंडी, 1 सितम्बर।* उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि जनगणना-2027 के तहत हिमाचल प्रदेश के बर्फबारी वाले क्षेत्रों में द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना का कार्य 1 से 30 सितम्बर, 2026 तक किया जा रहा है। इस अवधि में नियुक्त प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों एवं उनके सदस्यों से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज करेंगे।
उन्होंने जिला के सभी नागरिकों से जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग करने तथा प्रगणकों को सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जिन नागरिकों ने स्व-गणना की है, वे अपना एसई आईडी घर पर आने वाले प्रगणक को उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने बताया कि जो नागरिक स्व-गणना नहीं कर पाए हैं, उनके घर जाकर प्रगणक आवश्यक जानकारी दर्ज करेंगे। जनगणना कार्य के दौरान यदि किसी परिवार का कोई सदस्य उपलब्ध नहीं होता है अथवा किसी अन्य कारण से जानकारी दर्ज नहीं हो पाती है, तो इसके लिए 1 से 5 अक्तूबर, 2026 तक पुनरीक्षण दौर आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनगणना के दौरान उपलब्ध करवाई गई जानकारी जनगणना अधिनियम, 1948 के प्रावधानों के तहत पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना कार्य को सफल बनाने में सहयोग करें और प्रगणकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाएं।
उपायुक्त ने कहा कि जनगणना में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी प्रदेश के समग्र विकास के लिए बेहतर योजनाएं तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। जनगणना से संबंधित किसी भी जानकारी अथवा सहायता के लिए जनगणना हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क किया जा सकता है।

0 Comments