Ticker

6/recent/ticker-posts

लोक निर्माण मंत्री ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भेंट की



लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने हिमाचल प्रदेश से जुड़ी विभिन्न सड़क परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग-305 के तहत सैंज-लुहरी-बंजार-औट मार्ग पर बंजार से औट तक सड़क के सुधार और टारिंग के लिए 25.11 करोड़ रुपये की राशि जारी करने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है।
उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से जलोड़ी सुरंग परियोजना के लिए 1,775 करोड़ रुपये की स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह भी किया। केंद्रीय मंत्री ने मंत्रालय के अधिकारियों को स्वीकृति प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग-303 पर नगरोटा बगवां-रानीताल सड़क के लिए 395 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया। इसके लिए केंद्रीय मंत्री ने सैद्धांतिक सहमति प्रदान की।
विक्रमादित्य सिंह ने वर्ष 2026-27 के लिए केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि के तहत 239.45 करोड़ रुपये लागत की दो महत्त्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को स्वीकृत करने के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। इनमें टिक्कर-जरोल-गाहन-ननखड़ी-खमाड़ी सड़क तथा छैला-नेरीपुल-यशवंतनगर-कुमारहट्टी सड़क के उन्नयन कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश के सेब उत्पादन क्षेत्र के लोगों को विशेष लाभ मिलेगा।
लोक निर्माण मंत्री ने सेतु बंधन परियोजना के तहत पुलों के निर्माण के लिए 3.46 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया। इसके अलावा, उन्होंने राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए सीआरआईएफ और सेतु बंधन योजनाओं के अंतर्गत अधिक सड़क परियोजनाओं को मंजूरी देने तथा सीआरआईएफ के तहत सड़क परियोजनाओं के लिए वार्षिक आवंटन बढ़ाकर 200 करोड़ रुपये करने का आग्रह भी किया।
नितिन गडकरी ने हिमाचल प्रदेश को सड़क अवसंरचना के विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Post a Comment

0 Comments