शिमला, 26 जुलाई। हिमाचल प्रदेश मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन (HMOA) की 26वीं जनरल हाउस बैठक एवं राज्य कार्यकारिणी चुनाव-2026 का आयोजन शनिवार को शिमला में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिमला जिला इकाई की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में मेडिकल ऑफिसर्स ने भाग लिया और संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास व्यक्त किया।
जनरल हाउस बैठक के दौरान संगठन के पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों की समीक्षा की गई। साथ ही चिकित्सकों के सेवा हितों, कैरियर प्रोग्रेशन, कार्य परिस्थितियों, स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने तथा संगठन की भविष्य की रणनीति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके बाद राज्य कार्यकारिणी के विभिन्न पदों के लिए चुनाव एवं निर्विरोध निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की गई।
चुनाव परिणामों के अनुसार डॉ. अंकुश ठाकुर को हिमाचल प्रदेश मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन का नया अध्यक्ष चुना गया। डॉ. प्रवीण चौहान और डॉ. करनजीत सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष, डॉ. वैशाली शर्मा उपाध्यक्ष, डॉ. विकास ठाकुर महासचिव, डॉ. विजय राय प्रेस सचिव तथा डॉ. सुनीश चौहान कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
इसके अतिरिक्त डॉ. योगराज वर्मा संगठन सचिव, डॉ. मनोज कुमार आईटी सचिव तथा डॉ. मोहित डोगरा विधिक सचिव चुने गए। संयुक्त सचिव पद पर डॉ. राहुल श्याम, डॉ. बाल कृष्ण कौंडल, डॉ. दुष्यंत कुमार, डॉ. उत्सव सोनी तथा महिला आरक्षित श्रेणी से डॉ. प्रतिभा निर्वाचित हुईं।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन चिकित्सकों के अधिकारों, सम्मान, सेवा सुरक्षा, कैरियर प्रोग्रेशन तथा प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम के समापन पर शिमला जिला इकाई, आयोजन समिति के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों तथा प्रदेशभर से पहुंचे प्रतिनिधियों का सफल एवं अनुशासित आयोजन के लिए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया।

0 Comments