मंडी, 8 जुलाई। उपायुक्त मंडी ने बेटियों का आह्वान किया कि वे उच्च शिक्षा ग्रहण कर स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करें। वे आज 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' योजना के अंतर्गत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, मंडी द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कमांद की छात्राओं के लिए आयोजित एक दिवसीय विशेष एक्सपोजर विजिट के दौरान छात्राओं से संवाद कर रहे थे।
इस एक्सपोजर विजिट का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को प्रशासनिक, कानूनी एवं वित्तीय व्यवस्थाओं से परिचित कराना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को उपायुक्त अपूर्व देवगन से सीधे संवाद का अवसर प्राप्त हुआ। उपायुक्त ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली से अवगत कराया तथा जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए ईमानदारी, लगन और कड़ी मेहनत के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
इसके उपरांत छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं महिला पुलिस थाना का भ्रमण किया। महिला पुलिस थाना में उन्हें महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कानूनों, आत्मरक्षा के प्रति सजग रहने तथा किसी भी आपात अथवा प्रतिकूल परिस्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने के उपायों और हेल्पलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
छात्राओं ने भारतीय स्टेट बैंक की शाखा का भी दौरा किया, जहां बैंक अधिकारियों ने उन्हें बैंकिंग की मूलभूत प्रक्रियाओं, खाता संचालन, डिजिटल लेनदेन एवं वित्तीय साक्षरता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं के हित में संचालित विभिन्न सरकारी वित्तीय योजनाओं, विशेषकर सुकन्या समृद्धि योजना के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।
उपायुक्त ने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक एवं जागरूकता आधारित गतिविधियां छात्राओं के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव उन्हें जीवन में आगे बढ़ने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए नई दिशा और प्रेरणा प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) अजय बद्रेल तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी जितेंद्र कुमार सैनी उपस्थित रहे।
एक्सपोजर विजिट के दौरान सुपरवाइजर रमा देवी तथा विद्यालय की प्राध्यापिकाएं कमलेश और अंजना छात्राओं के साथ मौजूद रहीं।
0 Comments