• *उपायुक्त ने दिखाई हरी झंडी, युवाओं से किया स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान*
*नसलोह (मंडी), 22 जुलाई।* प्रदेश सरकार की पहल पर जिला प्रशासन मंडी द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत आज बुधवार को ग्राम पंचायत नसलोह में शाढ़नू मेला के उपलक्ष्य में "एंटी चिट्टा मिनी मैराथन" का आयोजन किया गया। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने इस मिनी मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर किया।
मिनी मैराथन में कुल 200 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें 150 पुरुष तथा 50 महिलाएं शामिल रहीं। जिला प्रशासन द्वारा हाल ही में मंडी के पड्डल मैदान में एंटी चिट्टा सेवन ए साइड फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था और इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अब ग्रामीण स्तर पर मिनी मैराथन के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त अपूर्व देवगन ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि खेलें न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती हैं, बल्कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर उन्हें समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती हैं।
उन्होंने कहा कि "चिट्टा को कहें ना, जीवन को चुनें" केवल एक नारा नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक सशक्त जनआंदोलन है। इस प्रकार के आयोजन युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने और इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को नशे, विशेषकर चिट्टा जैसी घातक प्रवृत्ति के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान सभी खिलाड़ियों एवं उपस्थित युवाओं को अपने परिवार, मित्रों और समाज को नशामुक्त रखने, विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा सार्वजनिक एवं निजी स्थलों पर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता फैलाने तथा " चिट्टा मुक्त हिमाचल-नशामुक्त मंडी" के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का भी आह्वान किया गया।
एंटी चिट्टा मिनी मैराथन प्रतियोगिता के अंडर-16 पुरुष वर्ग में कार्तिक कत्याल प्रथम, मोहित द्वितीय तथा रोहित तृतीय रहे जबकि महिला वर्ग में रविवा शर्मा प्रथम, सिमरन द्वितीय तथा जाह्नवी तृतीय रही।
16 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष वर्ग में जतिन प्रथम, तिलक राज द्वितीय तथा शशि ठाकुर तृतीय रहे, जबकि महिला वर्ग में पलक प्रथम, गीतांजलि द्वितीय तथा सोनिया तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्थानीय ग्राम पंचायत तथा राष्ट्रीय धावक चमन लाल का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर ग्राम पंचायत नसलोह की प्रधान मथरा देवी, उप प्रधान यादव लाल ठाकुर, राष्ट्रीय धावक चमन लाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

0 Comments