Ticker

6/recent/ticker-posts

प्रदेश के 573 स्थानों पर चलाया गया गहन तलाशी अभियान



पुलिस विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि प्रदेशव्यापी एंटी-चिट्टा अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत सोमवार कोे प्रदेश के सभी जिलों में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) एवं जिला पुलिस द्वारा राज्य-स्तर पर मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं तस्करी की रोकथाम के लिए निर्जन, एकांत तथा अर्ध-सार्वजनिक स्थानों/ सुनसान पहाड़ी क्षेत्र, जंगलों, परित्यक्त भवन, खाली कमरे, पार्किंग स्थल, नदी किनारे, पुराने बस-स्टैंड, गैराज शेड इत्यादि का व्यापक निरीक्षण एवं गहन तलाशी अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान ऐसे स्थानों, गांव एवं शहरों में संदिग्ध व्यक्तियों की आवश्यकता अनुसार मूत्र के नमूने एकत्रित कर रैंडम स्क्रीनिंग भी की गई।
      उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान के दौरान प्रदेशभर में 573 निर्जन, एकांत एवं अर्ध-सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण कर गहन तलाशी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 840 संदिग्ध व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई, जिनमें से 114 व्यक्तियों के मूत्र के नमूने एकत्र किए गए। इसके अतिरिक्त 1774 वाहनों की तलाशी ली गई, 169 कोटपा चालान किए गए तथा एक अभियोग पंजीकृत किया गया। अभियान के दौरान 2.57 ग्राम हेरोईन/चिट्टा बरामद किया गया तथा दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त 885 चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर 'नो ड्रग एब्यूज हेयर' सूचना पट्ट (बोर्ड/पोस्टर) स्थापित किए गए, ताकि ऐसे स्थानों पर मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध स्पष्ट संदेश प्रसारित करते हुए जन-जागरूकता को सुदृढ़ किया जा सके।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य निर्जन, एकांत एवं अर्ध-सार्वजनिक स्थलों में  मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना, नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता को सुदृढ़ करना, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना तथा ऐसे क्षेत्रों में सुरक्षित एवं नशा-मुक्त वातावरण स्थापित करना है।
प्रवक्ता ने अपील की कि चिट्टा/नशे से संबंधित किसी भी सूचना को तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस थाना में दें। सूचना देने वालों की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। मुख्यमंत्री के सशक्त नेतृत्व और युवाओं की सहभागिता से हिमाचल पुलिस प्रदेश में चिट्टे के समूल नाश के लिए दृढ़ संकल्पित है।

Post a Comment

0 Comments