Ticker

6/recent/ticker-posts

विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश, पौधारोपण व जागरूकता गतिविधियां आयोजित



डीसी अपूर्व देवगन ने किया पौधारोपण, विद्यार्थियों को बांटे पौधे


सुंदरनगर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर परिषद सुंदरनगर और हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय मंडी के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने की। इस अवसर पर एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी सम्मानित अतिथि तथा देवभूमि पर्यावरण संरक्षण मंच मंडी के प्रधान नरेंद्र सैनी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के तहत डीएवी स्कूल सुंदरनगर में चित्रकला, नारा लेखन तथा क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए रैली भी निकाली और विभिन्न नारे लगाए। इसके अतिरिक्त "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत नगर परिषद के नगौण स्थित सलाह वार्ड पार्क में वायु को शुद्ध करने वाले पौधों का रोपण किया गया। अभियान की शुरुआत उपायुक्त अपूर्व देवगन ने नीम का पौधा लगाकर की। उन्होंने विद्यार्थियों को पौधे भी वितरित किए।
अपने संबोधन में उपायुक्त ने विश्व पर्यावरण दिवस की इस वर्ष की थीम "जलवायु परिवर्तन" के संदर्भ में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कूड़ा-कचरे के वैज्ञानिक निष्पादन पर बल देते हुए लोगों से उपयोग किए गए डायपर और सैनिटरी पैड को सामान्य कचरे से अलग रखकर सफाई मित्रों को सौंपने का आग्रह किया। उन्होंने पार्क में पौधारोपण के साथ-साथ झूलों और प्रवेश द्वार जैसी सुविधाओं को बेहतर ढंग से विकसित करने के निर्देश भी दिए।
इससे पूर्व एसडीएम अमर नेगी ने मुख्य अतिथि का पौधा, शॉल, टोपी तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया और कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया। इस अवसर पर डीएवी स्कूल के प्रधानाचार्य मोहित चुग तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान के लिए नरेंद्र सैनी का भी सम्मान किया गया।
राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी विनय कुमार ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन तथा हरित जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। वहीं नगर परिषद के नोडल अधिकारी बलबीर चंद सोनी ने नगर परिषद की सफाई व्यवस्था तथा सफाई मित्रों की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को पौधे भी वितरित किए।
कार्यक्रम में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी विनय कुमार, कनिष्ठ अभियंता विकास राणा, रजनीश, नगर परिषद के नोडल अधिकारी बलबीर चंद सोनी, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य, विद्यालय का स्टाफ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Post a Comment

0 Comments