Ticker

6/recent/ticker-posts

होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में 345 अभ्यर्थियों ने लिया भाग, 34 रहे सफल



मंडी, 22 जून। जिला मंडी में चल रही होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के तहत रविवार को छठी वाहिनी प्रशिक्षण केंद्र जासन (चैल चौक) में निर्धारित कार्यक्रमानुसार शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया संपन्न हुई।

होमगार्ड भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष कुशल चंद ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के लिए 830 अभ्यर्थियों को नामांकन पत्र जारी किए गए थे, जिनमें से 345 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जबकि 485 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। भर्ती प्रक्रिया के दौरान लंबाई, सीना माप, दौड़, ऊंची एवं लंबी कूद सहित सभी शारीरिक दक्षता परीक्षण निर्धारित मानकों के अनुसार कैमरों की निगरानी में निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से आयोजित किए गए।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए भर्ती स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा बल, चिकित्सा दल, पेयजल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाई गई थीं। भर्ती प्रक्रिया वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में संचालित की गई तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक शारीरिक दक्षता परीक्षा की वीडियोग्राफी भी की गई।
कुशल चंद ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में शामिल 345 अभ्यर्थियों में से 34 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए, जबकि 311 अभ्यर्थी विभिन्न शारीरिक दक्षता परीक्षणों में निर्धारित मानकों को पूरा न कर पाने के कारण अयोग्य पाए गए। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया  निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ संचालित की गई।

Post a Comment

0 Comments