Ticker

6/recent/ticker-posts

वेव्स डॉक बाज़ार 2026 के व्यूइंग रूम के लिए आवेदन आमंत्रित



राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे वेव्स डॉक बाज़ार 2026 के 'व्यूइंग रूम' सेक्शन में भाग लेने के लिए लघु फिल्में, वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) और एनीमेशन प्रोजेक्ट के ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि 'व्यूइंग रूम' देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं को अपनी फिल्मों अथवा पोस्ट-प्रोडक्शन चरण में चल रही परियोजनाओं को फिल्म फेस्टिवल में आने वाले प्रोग्रामर्स, वितरकों, विश्व स्तरीय वितरक एजेंट्स, निवेशकों तथा अन्य उद्योग खरीदारों के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि यह विशेष मंच फिल्म निर्माताओं को फिल्म महोत्सवों, वितरण अवसरों, विश्व स्तरीय वितरण तथा फिनिशिंग फंड्स के लिए संभावित वैश्विक साझेदारों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में रू-ब-रू करवाने में भी सहायक है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न अवधियों की लघु, मध्यम अवधि तथा फीचर-लेंथ डाक्यूमेंट्री और एनीमेशन फिल्में आवेदन के लिए पात्र हैं। इन फिल्मों के फिल्मांकन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा पूर्ण होना चाहिए। विकास (डेवलपमेंट) या प्री-प्रोडक्शन चरण में चल रही फिल्में इस श्रेणी में पात्र नहीं है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहुत कम या प्रदर्शित नहीं की गई परियोजनाओं को विशेष रूप से आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विस्तृत पात्रता मानदंड, नियम, आवेदन दिशा-निर्देश तथा आवेदन प्रक्रिया की जानकारी के लिए इच्छुक आवेदक आधिकारिक वेबसाइट https://miff.in/en/viewing-room पर जा सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments