Ticker

6/recent/ticker-posts

प्री-मॉनसून की तैयारियों पर एनएचएआई के कार्यों की उपायुक्त ने की सराहना



कुल्लू, 30 अप्रैल :- जिले में आगामी मानसून सीजन को देखते हुए प्री-मॉनसून तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा कुल्लू जिले के विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर नालों और पुलियों की सफाई तथा मरम्मत कार्य तेजी से किए जा रहे हैं, ताकि बरसात के दौरान जल निकासी सुचारू बनी रहे और किसी भी प्रकार की आपदा से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।
    इसी कड़ी में टकोली कुल्लू सेक्शन में ड्रेन और पुलियों की व्यापक सफाई का कार्य प्रगति पर है। सड़कों के किनारे जमे मलबे, गाद और अवरोधों को हटाकर जल निकासी मार्गों को साफ किया जा रहा है, जिससे बारिश के दौरान पानी का बहाव बाधित न हो। इसके अतिरिक्त रायसन क्षेत्र में स्थायी पुनर्स्थापन कार्यों के लिए इन्वेस्टिगेशन पिट भी तैयार किए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में सड़क संरचना को और अधिक मजबूत एवं टिकाऊ बनाया जा सके।
    उपायुक्त कुल्लू, अनुराग चंद्र शर्मा ने इन कार्यों का संज्ञान लेते हुए एनएचएआई की तत्परता और सक्रियता की सराहना की है। उन्होंने कहा कि प्री-मॉनसून गतिविधियों के तहत इस प्रकार के कार्य समय रहते शुरू करना अत्यंत आवश्यक है। इससे न केवल सड़कों की स्थिति बेहतर बनी रहती है, बल्कि मानसून के दौरान भूस्खलन, जलभराव और सड़क अवरोध जैसी समस्याओं का जोखिम भी काफी हद तक कम हो जाता है।
   उपायुक्त ने कहा कि "एनएचएआई द्वारा प्री-मॉनसून तैयारियों में दिखाई जा रही गंभीरता सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग इसी तरह समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि मानसून सीजन में संभावित जोखिमों को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।"
   उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी क्रिटिकल पॉइंट्स की पहचान कर समय रहते आवश्यक कार्य पूर्ण किए जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Post a Comment

0 Comments