शाहपुर, 21 फरवरी।
आज शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत झुलाड़ स्थित बागवानी विभाग के फार्म हाउस में प्रातःकाल एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शाहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान क्षेत्र में बागवानी विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर लगभग 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित हो रहे प्लांट हेल्थ क्लिनिक का निरीक्षण भी किया गया।
उपमुख्य सचेतक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्लांट हेल्थ क्लिनिक का निर्माण कार्य 10 मार्च से पहले हर हाल में पूर्ण किया जाए, ताकि निर्धारित समय पर इसका लोकार्पण कर बागवानों को इसका लाभ उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह क्लिनिक किसानों और बागवानों को फसलों से संबंधित रोग, कीट नियंत्रण और आधुनिक तकनीकी परामर्श उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अधिक से अधिक समय फील्ड में व्यतीत करें, जिससे किसानों और बागवानों को समय पर उचित मार्गदर्शन एवं तकनीकी जानकारी मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सीमित संसाधनों के बावजूद जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। इन योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम पंक्ति में बैठे पात्र व्यक्ति तक पहुँचना ही प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
सुबह-सुबह खेतों में बैठकर समीक्षा बैठक करना किसी जनप्रतिनिधि की जमीनी सोच और किसानों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। स्थानीय किसानों और बागवानों ने भी इस पहल की सराहना की।
बैठक में बागवानी विभाग के उपनिदेशक डॉ. अलक्ष पठानिया ने विधायक का स्वागत करते हुए विभागीय योजनाओं की जानकारी दी और आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व सीएमओ डॉ. सुशील शर्मा, पूर्व मुख्य अभियंता जलशक्ति सुरेश महाजन, नगर पंचायत शाहपुर की पूर्व अध्यक्ष ऊषा शर्मा, उपाध्यक्ष विजय गुलेरिया, पार्षद आज़ाद, राजीव पटियाल, बागवान रमन कायस्था, डॉ. श्रीकांत, उत्तम चंबियाल, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, छिन्दा, एचडीओ सुमित, करतार चंद सहित बागवानी एवं कृषि विभाग के अधिकारी, किसान एवं बागवान उपस्थित रहे।

0 Comments