खोली पंचायत के वार्ड नंबर 7 में दिल दहला देने वाला मामला; पुलिस ने शुरू की जांच
कांगड़ा/खोली
कांगड़ा उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत खोली में मानवता और मातृत्व को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। पंचायत के वार्ड नंबर 7 में जन्म के तुरंत बाद एक नवजात शिशु को लावारिस हालत में फेंक दिया गया। गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचाए गए मासूम ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
रोने की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीण
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 7 में अचानक एक नवजात के रोने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। नवजात को बेसहारा पड़ा देख क्षेत्र में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह थी कि उस समय शिशु की सांसें चल रही थीं। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों को दी।
पंचायत प्रधान ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को किया सूचित
खोली पंचायत के प्रधान कुलवंत चौधरी ने बताया कि उन्हें लगभग शाम 4:30 बजे एक ग्रामीण का फोन आया। सूचना मिलते ही वह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फौरन कांगड़ा पुलिस थाना को सूचित किया।
अस्पताल में डॉक्टरों की कोशिशें रहीं नाकाम
सूचना मिलते ही कांगड़ा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और नवजात को तुरंत अपनी सुरक्षा में लेकर प्राथमिक चिकित्सकीय सहायता मुहैया करवाई। इसके बाद बच्चे की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय (टांडा मेडिकल कॉलेज) भेजा गया। वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार शुरू किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद नवजात जिंदगी की जंग हार गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
स्थानीय स्तर पर रोष, पुलिस ने शुरू की छानबीन
इस दर्दनाक घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोगों में गहरा रोष है। चंद पलों के मासूम को इस तरह मरने के लिए छोड़ देने की घटना ने मानवीय संवेदनाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। नवजात की मां कौन है और किन परिस्थितियों में उसे वहां छोड़ा गया, इसका पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों, निजी क्लिनिकों और प्रसव से जुड़े रिकॉर्ड्स की पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments