Ticker

6/recent/ticker-posts

किन्नौर जिला के महात्मा गांधी पार्क में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह

 


15 अगस्त, 2026


राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता की और किन्नौर वासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दीं। इस दौरान उन्होंने ध्वजारोहण किया तथा भव्य परेड की सलामी ली।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री ने कहा कि आज का पर्व देश के उन सभी वीरों के नाम होता है जिन्होंने हमे आज़ादी दिलाने में अपने प्राणों की आहुती देकर भारत को अंग्रेज़ो से आजादी दिलवाई। उन्होंने आज के दिन महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू, सरदार वल्लभ भाई पटेल, सुभाष चंद्र बोस सहित सभी स्वतंत्रता सेनानियों की आजादी की लड़ाई में अहम योगदान का बखान किया। उन्होंने सभी लोगों से अनुरोध किया कि वे भारतीय संविधान का पालन करें और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करें।

कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर कहा की मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खु के नेतृत्व में प्रदेश सहित जनजातीय जिलों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार जनजातीय व दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा व स्वास्थ्य को सुदृढ़ कर रही है और शिक्षा के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए विस्तृत रूप-रेखा के तहत कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विद्यालयों में कक्षा एक से अंग्रेजी शिक्षा में पढ़ाई आरम्भ कर दी गई है व प्रदेश सहित जिला किन्नौर के सरकारी विद्यालयों को सी.बी.एस.ई बोर्ड में परिवर्तित करने का कार्य प्रगति पर है। जनजातीय जिला किन्नौर के मेधावी छात्र-छाात्राओं को गुणात्मक व निशुल्क आवासीय शिक्षा एकलव्य आदर्श विद्यालय निचार में प्रदान की जा रही है तथा  02 करोड़ 19 लाख लागत से निर्मित कन्या छाात्रावास का लोकापर्ण भी किया गया है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में गुणात्मक शिक्षा में प्रदेश पांचवें स्थान पर है जबकि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में 21वें पायदान पर था। उन्होंने बताया कि जिला के भावानगर, सांगला, रिकांग पिओ व कानम के विद्यालयों को सी.बी.एस.ई बोर्ड से जोड़ा गया है ताकि वैश्विक प्रतिस्पर्धा के युग में सरकारी स्कूल के बच्चे खुद को निजी स्कूलों के बच्चों से कम महसूस न करें।
जनजातीय विकास मंत्री ने बताया कि शिपकी ला से व्यापार को सुदृढ़ करने के लिए छुपपन ट्रेड मार्ट की स्थापना 01 करोड़ 61 लाख रुपए से की गई है ताकि सीमा पार व्यापार सुचारू रूप से चल सकेे और केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय द्वारा पूह क्षेत्र से निर्यात सूची में 36 वस्तुएं और तिब्बत से आयात सूची में 20 वस्तुएं शामिल की गई हैं। किन्नौर से व्यापारी गुड़, तेल, चाय, कारपेट व कृषि उपकरण ले जाते हैं और चीन के कब्जे वाले तिब्बत से आयात सूची के तहत चादर, पशमीना वूल, जूते, घड़ियां, चाइना कलेय, याक बटर व याक पूंछ शामिल हैं।

श्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू निरंतर प्रयास कर रहे हैं और केंद्र सरकार के समक्ष लगातार मांग करते हैं कि कैलाश मानसरोवर यात्रा शिपकी ला दर्रा  होकर आयोजित की जाए ताकि स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके। इसके अतिरिक्त, वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास पर बल दिया जा रहा है ताकि सीमावर्ती क्षेत्रों से पलायन की समस्या से निजात मिल सके और स्थानीय युवाओं एवं ग्रामीणों को घर-द्वार पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें। इस कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती गा्रम पंचायतें नमज्ञा, लियो, छितकुल, सुमरा, नेसंग, शलखर व हांगो में सामूहिक प्रयास किये जा रहे हैं ताकि स्थानीय लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके और देश प्रेम की भावना का स्थानीय समुदाय में संचार संभव हो सके।

वर्तमान प्रदेश सरकार ने पूह के व्यापारियों व स्थानीय हितधारकों को आश्वासन दिया है कि निर्यात एवं आयात सूची वर्तमान परिवेश में संशोधित की जाएगी और यह मुद्दा भारतीय विदेश मंत्रालय द्वारा चीन सरकार के समक्ष रखा जाएगा ताकि सीमावर्ती क्षेत्र के  लोगों को सीमा पार व्यापार करने में कोई असुविधा न हो।
बागवानी मंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार बागवान हितैषी है और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू इस दिशा में निरंतर प्रयास कर रहे हैं कि छोटे व सीमांत बागवानो को उनकी उपज का बेहतर मूल्य घर-द्वार पर मिल सके तथा इस घटक के तहत जिला में टापरी मारकेट यार्ड का विस्तारीकरण शीघ्र किया जाएगा तथा पूह उपमंडल में जंगी ग्राम पंचायत में (रेता खान) में सब्जी मंडी का शिलान्यास 16 अगस्त को किया जाएगा जिससे स्थानीय किसानों- बागवानों को राहत मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मज़बूत होगी।  
इस अवसर पर भव्य परेड का आयोजन किया गया जिसका नेतृत्व पुलिस विभाग के सब इंस्पैक्टर प्रवीण कुमार ने किया। इस दौरान आई.टी.बी.पी, पुलिस व महिला बल, पुरूष तथा महिला होम-गार्ड, एन.सी.सी. एन.एस.एस, स्काउट एण्ड गाईड, गृह-रक्षा बैंड सहित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठी के बैंड ने परेड में भाग लिया।
इस दौरान रंगा-रंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया तथा समारोह को भव्य बनाया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुति में क्रेंदीय विद्यालय रिकांग पिओ, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठी, डी.ए.वी रिकांग पिओ, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिकांग पिओ, राजकीय महाविद्यलाय रिकांग पिओ, पाइनवुड पब्लिक स्कूल रिकांग पिओ, जवाहर नवोदय विद्यालय रिकांग पिओ, गंगा राम व उनकी रोलर स्केटिंग टीम और महादेव खेल एवं सांस्कृतिक क्लब पवारी के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों, प्रेरणास्त्रोत लोगों, परेड में भाग लेने वाले जवानों व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को मुख्य अतिथि द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
 
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती सुशीला नेगी, किनफेड के अध्यक्ष चन्द्र गोपाल नेगी, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी, जिला कांग्रेस महिला अध्यक्षा श्रीमती सरोज नेगी, राज्य सहकारी बैंक के निदेशक विक्रम सिंह नेगी, पूर्व जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, अधिवक्ता एवं महासचिव जिला कांग्रेस कमेटी निर्मल चन्द्र नेगी,  उपायुक्त किन्नौर डॉ अमित कुमार शर्मा, उपायुक्त की धर्मपत्नी श्रीमती शिवानी शर्मा,  पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा, वनमंडलाधिकारी अरविंद कुमार, उपमण्डलाधिकारी कल्पा प्रवीण भारद्वाज, सहायक आयुक्त विपिन कुमार सहित विभिन्न विभागों अधिकारी कांग्रेस पार्टी पदाधिकारीगण व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।              

Post a Comment

0 Comments