विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया बतौर मुख्य अतिथि हुए शामिल
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समोट के भवन निर्माण पर खर्च किए जा रहे 20 करोड़ - कुलदीप सिंह पठानिया
भटियात विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत तुरकड़ा में जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। वनवृत चम्बा द्वारा आयोजिव इस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा अर्चना के साथ जिला स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने चंबे का पेड़ नामक पौधा रोपित किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए जल, जंगल और जमीन का संरक्षण सबसे अहम है तथा इस दिशा में वन विभाग अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने वन प्रबंधन तथा वन क्षेत्र विस्तार में समुदायों की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए गत वर्ष राजीव गांधी वन संवर्धन योजना आरंभ की है। इस योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों ,महिला मंडलों, युवक मंडलों तथा ग्रामीण वन प्रबंधन समिति को स्वरोजगार के अवसर हासिल हो रहे हैं तथा इससे भविष्य में प्रदेश में जल जंगल और जमीन के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकारी वन प्रदेशवासियों की अपनी संपदा है इसलिए इनके सर्वधन व संरक्षण के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने क्षेत्र वासियों से अपील की कि वे जंगलों में आग न लगाएं तथा ऐसा करने वालों के बारे तुरंत वन विभाग को सूचित करें। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस पौधा रोपण के मौसम में ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करने की भी अपील की।
भटियात विधानसभा क्षेत्र के विकास पर चर्चा करते हुऎ कुलदीप सिंह ने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 109 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में इस क्षेत्र में लगभग 50 गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा जा चुका है जबकि अगले डेढ़ वर्ष में 50 से अधिक अन्य गांवों को भी सड़क सुविधा से जोड़ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चंबा-चुवाडी सुरंग की डीपीआर पर 4 करोड रुपए खर्च किए गए हैं तथा अब इस परियोजना से संबंधित भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया आरंभ की जा रही है। लगभग 2600 करोड़ रूपए से बनने वाली करीव 13 किलोमीटर इस सुरंग को बीओटी के आधार पर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि द्रमण चुवाड़ी चंबा वाया जोत सड़क मार्ग को एनएचएआई के अधीन लाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि इस क्षेत्र में लोगों को बेहतर रोड कनेक्टिविटी की सुविधा हासिल हो सके। उन्होंने बताया कि चुवाड़ी में प्रस्तावित खेल स्टेडियम स्थल को फॉरेस्ट क्लीयरेंस मिल चुकी है जिसके लिए सरकार की ओर से 67 लाख रुपए जमा करवाए गए हैं तथा जल्द ही इसके निर्माण के लिए टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे व इसके निर्माण कार्य को जून 2027 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि नागरिक चिकित्सालय चुवाडी में इस समय 8 डॉक्टर कार्यरत हैं तथा यहां पर प्रतिदिन 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं उन्होंने बताया कि चुवाडी में शीघ्र ही सीटी स्कैन की सुविधा भी शुरू होने जा रही है। इसके अलावा अस्पताल के पुराने भवन को गिराकर नया भवन बनाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समोट के भवन निर्माण पर 20 करोड रुपए खर्च किए जा रहे हैं जिसका कार्य आगामी दिसंबर माह तक पूरा कर लिया जाएगा तथा यहां पर भी प्रतिदिन 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहुता को 25 बिस्तर वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड कर दिया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान प्रतिनिधियों की मांग पर राजकीय प्राथमिक पाठशाला तुरकड़ा के लिए खेल मैदान बनाने के अलावा स्थानीय ग्राम पंचायत में सामुदायिक भवन तथा गाँव चोड़ना में रास्ता व सड़क का निर्माण तथा वर्षा शालिका के निर्माण संबंधी मांगो को पूरा करने का भी आशवासन दिया।
इससे पूर्व वन अरनयपाल चंबा राकेश कुमार ने सर्वप्रथम समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि सहित आए हुए सभी मेहमानों तथा उपस्थित लोगों का स्वागत किया तथा जिला स्तरीय वन महोत्सव आयोजन के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी दी। वन अरनयपाल ने वनों में आगजनी की घटनाओं की रोकथाम के लिए जन सहयोग के महत्व बारे प्रकाश डालते हुए कहा कि वन संपदा तथा वन्यजीवों की रक्षा करना केवल वन विभाग का ही दायित्व नहीं है बल्कि आम नागरिकों का यह कर्तव्य है कि वे पर्यावरण संतुलन के महत्व को ध्यान में रखते हुए वन संपदा और वन्यजीवों की रक्षा के लिए अपना हर संभव योगदान दें।
कार्यक्रम में राज्य वन निगम के निदेशक कृष्ण चंद चेला ने भी अपने विचार सांझा किए। डीएफओ कुलदीप जंवाल ने आयोजन मे उपस्थित मुख्यातिथि व अन्य अतिथियों का धन्यवाद किया व कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य वन निगम के निदेशक कृष्ण चंद चेला, बीडीसी भटियात के अध्यक्ष लाल सिंह, नगर पंचायत चुवाडी की अध्यक्ष निकिता जंवाल व उपाध्यक्ष सुरेंद्र चाढक, बलाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय कंवर व कोषाध्यक्ष मंयक महाजन,ब्लाक महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शालु शर्मा, एसडीएम भटियात मनीष सोनी, वन अरनयपाल चंबा राकेश कुमार, डीएफओ डलहौजी डॉ कुलदीप जंबाल, डीएसपी शेर सिंह, अधीशासी अभियंता लोनिवि नरेंद्र चौधरी, एचपीएसईबीएल पंकज राठौर,खंड विकास अधिकारी अनिल गुराड़ा, ग्राम पंचायत तुरकड़ा की प्रधान शुभा देवी व उप प्रधान साहिल सहित कई विभागीय अधिकारी व कर्मचारी तथा गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

0 Comments