Ticker

6/recent/ticker-posts

चौपाल विधानसभा क्षेत्र विकास कार्यों में बनेगा नंबर वन - विक्रमादित्य सिंह




लोक निर्माण मंत्री ने दो सड़कों का किया लोकार्पण
 
चौपाल विधानसभा के एक दिवसीय दौरे के दौरान ननहार में आयोजित विशु मेले के समापन समारोह  में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। 
इस दौरान उन्होंने हियून से नगाह और चाड़वाधार से गौनचा दो सड़कों का लोकार्पण कर क्षेत्र वासियों को सौगात दी।    
उन्होंने कहा कि चौपाल क्षेत्र के विकास में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का अहम योगदान है। प्रदेश में वर्तमान सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में यहां के लोगों को विकास के लिए कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रधान सकारात्मक सोच के साथ अन्य जन प्रतिनिधियों के साथ मिलकर योजनाओं को धरातल पर लागू करने के लिए कार्य करें। इस विधानसभा के सभी जनप्रतिनिधि मिलकर कार्य करें ताकि प्रदेश भर में चौपाल की पहचान विकास कार्य में नम्बर वन बन सके। उन्होंने कहा कि 350 करोड़ रुपए की लागत से पूरे विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग  विकास कार्य करवा रहा है। छैला-नेरी पुल-यशवंत नगर सड़क के लिए 250 करोड़ रुपए की सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। केंद्र सरकार जैसे ही इस सड़क को मंजूरी देगी, इस सड़क का कार्य शुरू किया जाएगा। एचपी रेडी प्रोजेक्ट के तहत 1400 करोड़ रुपए से विभिन्न सड़कों को बनाने की योजना है। इस प्रॉजेक्ट में चौपाल की सड़कें भी शामिल की जाएगी।

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए हिमाचल प्रदेश को बेस्ट परफॉर्मेंस का अवार्ड मिलना गर्व की बात है। केंद्र सरकार ने 3500 करोड़ रुपए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना पैकेज तीन के तहत प्रदेश को दिए है। इसी के तहत 
चौपाल विधानसभा में 17 सड़कें बननी प्रस्तावित हैं। ये सड़के 133 किलोमीटर बनेगी जिन पर करीब 150 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके लिए सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई है।

उन्होंने कहा कि  इस क्षेत्र के चरोग से अनुसूचित जाति बस्ती क्टोट सड़क, पटवार खाना झीणा सड़क को लोक निर्माण विभाग टेकओवर करेगा, चंबी से दियुंदर मंदिर मार्ग, ननहार पंचायत के सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य जिलाधीश के माध्यम से पूर्ण करवाया जाएगा। खेल मैदान ननहार का विस्तारीकरण सहित पंचायत की ओर से रखी गई अन्य सभी मांगो पर सकारात्मक कदम उठाएं जाएंगे।

स्थानीय नेता रजनीश किमटा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि विशु मेला हमारी संस्कृति का अहम हिस्सा है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री से आग्रह किया कि इस क्षेत्र के लोगों ने जो जन समस्याएं रखी है, उन्हें पूर्ण करके जनता के हितों के लिए एक सौगात दें।
कैबिनेट मंत्री ने विशु मेला कमेटी को 31 हजार रुपए देने की घोषणा की।

*नई ड्रेनेज पॉलिसी प्रदेश में लागू*
उन्होंने बताया कि गोल कलवर्ट नहीं लगेगी बल्कि बॉक्स क्लबट लगेगी। सड़को के साथ सही नालियाँ न होने के कारण काफी नुकसान होता है। हिमाचल प्रदेश में लोक निर्माण विभाग ने अपनी नई ड्रेनेज पॉलिसी लागू कर दी है इसके तहत जल निकासी प्रबंधन के लिए अलग से रोड ड्रेनेज नाम से हैड बनेगा, जबकि नई नीति प्रदेश में बनने वाली नई सडक़ों समेत पीडब्ल्यूडी के मेजर प्रोजेक्ट के लिए मेनडेटरी की गई है। वहीं मौजूदा सडक़ों पर इस नीति को चरणबद्व तरीके से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हर साल बारिश के दौरान सडक़ों को होने वाले भारी नुकसान पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। नई नीति में हाइड्रोलॉजी आधारित डिजाइन को अनिवार्य किया गया है। अब ड्रेनेज संरचनाएं वास्तविक वर्षा तीव्रता और जलग्रहण क्षेत्र के वैज्ञानिक आंकड़ों के आधार पर तैयार की जाएंगी। सभी नई सड़क परियोजनाओं में बॉक्स कल्वर्ट को डिफॉल्ट ड्रेनेज संरचना बनाया जाएगा, जिससे जलभराव और जाम की समस्या कम होगी।

*जनसमस्याएं सुनी*
चौपाल दौरे के दौरान लोक निर्माण मंत्री का कई जगह भव्य स्वागत किया गया। इसके साथ ही बलग, कुठार, मलकोट क्षेत्र में लोगों की जनसमस्याएं भी सुनी। उन्होंने लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का आश्वासन दिया।

*अधिकारी बिना सूचना रहे नदारद*
मंत्री के दौरे लोकनिर्माण विभाग के अधिकारी ठियोग क्षेत्र में नदारद रहे। बलग के समीप कुछ लोगों ने सड़क संबंधी समस्याएं मंत्री के समक्ष जब रखी तो लोक निर्माण विभाग का कोई भी अधिकारी और फील्ड स्टाफ मौजूद नहीं था। इसके बाद मंत्री ने एसई को कॉल करके न आने का कारण पूछा, तो अधिकारी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद मंत्री ने उक्त अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों को हल्के में नहीं लिया जा सकता है। विभागों को फील्ड में लोगों के कार्यों के लिए मौजूद रहना चाहिए।

*ये रहे मौजूद*
एसडीएम चौपाल हेम चंद वर्मा, डीएसपी सुशांत शर्मा, खंड विकास अधिकारी विनीत ठाकुर, जिला  शिमला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हरिकिशन हिम राल, जिप सदस्य सुरेंद्र मोक्टा, नेशनल सेविंग स्टेट एडवाइजरी बोर्ड के सदस्य दिनेश घूँटा, बीडीसी सदस्य राजेश राढ़ेयक, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश चौहान, सुरेंद्र मोहन मेहता, प्रताप नेगी, कुंदन, चुन्नी लाल शर्मा, राम लाल ठाकुर, पवन हिम्टा, स्थानीय प्रधान रमा ठाकुर, ओपी मेहता, सुनील, आर एल खिमटा सहित अन्य गणमान्य भी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments