धर्मशाला, 26 जुलाई:
हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एचपी एसडीआरएफ), कांगड़ा की 15 सदस्यीय टीम ने रविवार को नगर निगम धर्मशाला के वार्ड संख्या 16 (सिद्धपुर) एवं वार्ड संख्या 17 (सिद्धवाड़ी) में आपदा पूर्व तैयारियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एरिया फेमिलियराइजेशन एक्सरसाइज आयोजित की।
अभ्यास के दौरान एसडीआरएफ टीम ने संबंधित वार्ड पार्षदों, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) तथा अन्य स्थानीय हितधारकों के साथ संवाद कर आपदा के समय उपलब्ध संसाधनों, स्थानीय समन्वय व्यवस्था तथा त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों से संबंधित आवश्यक जानकारी एकत्रित की।
टीम ने क्षेत्र के संवेदनशील एवं जोखिम वाले स्थानों का निरीक्षण किया तथा सुरक्षित निकासी स्थलों, राहत कार्यों के लिए उपयुक्त खुले स्थानों, सड़क संपर्क और वैकल्पिक मार्गों का भी आकलन किया, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को शीघ्र और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।
एचपी एसडीआरएफ ने बताया कि इस प्रकार के एरिया फेमिलियराइजेशन अभ्यास का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर समन्वय को मजबूत करना, उपलब्ध संसाधनों की जानकारी अद्यतन रखना तथा आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है। ऐसे अभ्यास भविष्य में भी विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे आपदा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

0 Comments