23 जुलाई, 2026
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह श्री रविंद्र सिंह ठाकुर ने गत दिनों मिनी सचिवालय पूह के सभागार में सेब सीजन 2026 के संदर्भ में बैठक की अध्यक्षता की।उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सेब सीजन के दौरान पूह व मूरंग तहसील में संपर्क सड़कों के रखरखाव सुनिश्चित करें ताकि स्थानीय बागवानों की उपज समय पर फल मंडी में पहुंच सके तथा मालवाहक वाहनों को कोई दिक्कत उत्पन्न न हो। इसके अतिरिक्त, उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त मशीनरी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में सड़क बहाली तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित की जा सके।
श्री रविंद्र सिंह ठाकुर ने सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों को मुख्य सड़क पर रिकवरी वैन तैनात करने के निर्देश दिए ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे। पूह उपमंडल ट्रक ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष के साथ फल मण्डियों के लिए भाडे की दरो को तय किया गया तथा सेब उत्पादकों के लिए सेब की पेटियों का बीमा करवाना अनिवार्य होगा ताकि ट्रक की दुर्घटना पर बागवानो को उचित मुआवजा प्राप्त हो सके।
उन्होंने बाहर से आने वाले ट्रक ऑपरेटर के साथ गैर कानूनी वसूली करने पर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया तथा बताया कि ट्रक ड्राइवरों एवं कंडक्टरों के लिए पार्किंग सुविधा चिन्हित की जाएगी तथा शौचालय की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी ताकि सफाई व्यवस्था सेब सीजन के दौरान बनी रहे।
रविंद्र सिंह ठाकुर ने बागवानों को यूनिवर्सल कॉर्टन समय पर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया तथा इस संदर्भ में एचपीएमसी व हिमफैड इकाइयों से इस दिशा में सहयोग मांगा ताकि स्थानीय लोगों को सेब सीजन के दौरान कोई असुविधा का सामना न करना पड़े।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह ने थाना प्रभारी पूह व मूरंग को सेब सीजन के दौरान नियमित गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि कानून व्यवस्था में कोई खिलवाड़ न हो।
बैठक में तहसीलदार पूह भीम सिंह नेगी, पूह ट्रक आपरेटर यूनियन के अध्यक्ष प्रीतम फारका, खंड विकास अधिकारी पूह इंदर सिंह नेगी, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता नीतीश कुमार सहित स्थानीय फल उत्पादक संघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

0 Comments