Ticker

6/recent/ticker-posts

कुल्लू जिले से (असीम योजना) में दिव्यांगजन राज्य पुरस्कार हेतु 31 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित



हिमाचल प्रदेश सरकार के अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं विशेष रूप से सक्षम सशक्तिकरण निदेशालय द्वारा 'असीम'  योजना के अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तिकरण के लिए वर्ष 2026-27 के राज्य पुरस्कारों हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
 जिला कल्याण अधिकारी कुल्लू गिरधारी लाल शर्मा ने इस बात की जानकारी देते हुए  जिला के सभी संबंधित संस्थानों, गैर-सरकारी संगठनों और इच्छुक व्यक्तियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।उन्होंने बताया कि  यह पुरस्कार आगामी 3 दिसंबर 2026 को "अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस" के अवसर पर प्रदान किए जाएंगे। इस योजना का मुख्य उद्देश्य समाज में दिव्यांगता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, दिव्यांगजनों को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर प्रदान करने वाले नियोक्ताओं को प्रोत्साहित करना तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांग कर्मचारियों व स्वरोजगारियों को सम्मानित करना है। यह राज्य पुरस्कार कुल पांच श्रेणियों में दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया  सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता पुरस्कार (सरकारी, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, स्वायत्त निकाय, निजी क्षेत्र या एनजीओ) की श्रेणी में दो पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार के रूप में 30 हज़ार रुपये नकद व प्रमाण पत्र तथा द्वितीय पुरस्कार के रूप में 20 हज़ार रुपये नकद व प्रमाण पत्र दिया जाएगा।   दिव्यांगता से ग्रस्त सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी पुरस्कार (सरकारी, कॉर्पोरेट या निजी क्षेत्र)  की श्रेणी में दो पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रत्येक विजेता को 30 हज़ार रुपये नकद और प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा तथा  सर्वश्रेष्ठ स्वरोजगारी दिव्यांगजन पुरस्कार श्रेणी में एक पुरस्कार दिया जाएगा, जिसके तहत 30 हज़ार रुपये नकद और प्रमाण पत्र दिया जाएगा। दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए कार्यरत सर्वश्रेष्ठ विभाग/संगठन/संस्थान पुरस्कार  की श्रेणी में एक पुरस्कार दिया जाएगा, जिसके तहत 30 हज़ार रुपये नकद और प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। दिव्यांगजनों के उत्थान के लिए सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाला जिला की श्रेणी में विजेता जिले को एक शील्ड और प्रमाण पत्र से पुरस्कृत जाएगा।उन्होंने बताया कि इस योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, नियम और निर्धारित आवेदन पत्र का प्रारूप निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट www.esomsa.hp.gov.in पर उपलब्ध है। सभी इच्छुक उम्मीदवार, संगठन और नियोक्ता अपने पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र व आवश्यक दस्तावेज आगामी  31 जुलाई, 2026 से पहले जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय में जमा करवा सकते हैं, ताकि आवेदनों को उपायुक्त कुल्लू की सिफारिश के साथ समय पर निदेशालय भेजा जा सके। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments