Ticker

6/recent/ticker-posts

24 अगस्त को मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, 29 अगस्त को होगा मॉप-अप राउंड



हमीरपुर  24 जुलाई  । स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला हमीरपुर द्वारा आगामी 24 अगस्त  को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (National Deworming Day) एवं विटामिन-ए अनुपूरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अजय अत्री ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, आंगनवाड़ी केन्द्रों, प्ले स्कूलों तथा स्वास्थ्य संस्थानों में पात्र बच्चों को एल्बेंडाजोल टैबलेट एवं विटामिन-ए की खुराक प्रदान की जाएगी।

यह कार्यक्रम बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखने, उनके पोषण स्तर में सुधार लाने तथा स्वस्थ शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। 1 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को एल्बेंडाजोल के साथ-साथ विटामिन-ए की खुराक दी जाएगी, जबकि 5 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों एवं किशोरों को केवल एल्बेंडाजोल टैबलेट का सेवन कराया जाएगा।

डॉ अजय अत्री ने बताया कि कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा संबंधित अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। साथ ही दवाइयों की उपलब्धता एवं वितरण संबंधी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा सके।

उन्होंने बताया कि 24 अगस्त को आयोजित मुख्य अभियान के दौरान छूटे हुए पात्र बच्चों को कवर करने हेतु 29 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा कृमि मुक्ति एवं विटामिन-ए अनुपूरण कार्यक्रम के लाभ से वंचित न रहे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी  डॉ अजय अत्री ने सभी अभिभावकों, शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य कर्मियों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने तथा सभी पात्र बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments