Ticker

6/recent/ticker-posts

श्री मणिमहेश यात्रा की तैयारीयों के दृष्टिगत उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने किया राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए का निरीक्षण



चम्बा, 17 जुलाई
आगामी श्री मणिमहेश यात्रा के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने आज राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धरवाला, बत्ती की हट्टी, दुर्गेठी व बिभिन्न स्थानों का दौरा कर गत वर्ष प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त हुए सड़क मार्गों पर चल रहे कार्यों का जायजा लिया।
उपायुक्त ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को मरम्मत कार्यों में तेजी लाने तथा यात्रा शुरू होने से पूर्व सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर चट्टानों अथवा पत्थरों के गिरने की आशंका है, वहां समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करते हुए ढीले पत्थरों को हटाया जाए ताकि आवाजाही सुरक्षित एवं निर्बाध बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर, राहुल ने बताया कि चम्बा से भरमौर तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर 60 अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान की गई है। इन स्थानों पर सड़क को सुचारु बनाए रखने के लिए 12 से 13 मशीनें तैनात की गई हैं। इसके अतिरिक्त प्रत्येक पांच किलोमीटर की दूरी पर एक मशीन उपलब्ध करवाई गई है ताकि किसी भी कारणवश मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में उसे शीघ्र बहाल किया जा सके।
उन्होंने बताया कि बत्ती की हट्टी, चूड़ी तथा अन्य अति संवेदनशील स्थलों पर चौबीसों घंटे दो-दो मशीनें तैनात रहेंगी। साथ ही इन क्षेत्रों में दो फ्लैगमैन भी नियुक्त किए जाएंगे, जो भूस्खलन अथवा पत्थर गिरने की स्थिति में यात्रियों और वाहन चालकों को समय पर चेतावनी देंगे।
प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग का कार्य भी किया जा रहा है। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क मार्गों की मरम्मत युद्धस्तर पर जारी है ताकि स्थानीय निवासियों और श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध यातायात सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।
इस दौरान उप प्रबंधक एनएचएआई यशवंत ध्याल, साइट इंजीनियर साहिल व परीक्षित उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments