Ticker

6/recent/ticker-posts

सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित



मंडी, 10 जून 2026।

महिलाओं एवं आमजन को सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को डीआरडीए सभागार मंडी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम सदर रूपिंदर कौर ने की।

इस अवसर पर एसडीएम रूपिंदर कौर ने कहा कि ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) वैक्सीन एक जीवनरक्षक टीका है, जो महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर तथा पुरुषों एवं महिलाओं में अन्य जननांग कैंसरों और मस्सों से बचाव में प्रभावी है। उन्होंने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से अभिभावक-शिक्षक बैठकों के माध्यम से अभिभावकों को 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के टीकाकरण के लिए प्रेरित करने तथा टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विशेषज्ञ एवं वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. आलोक शर्मा ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, समय पर पहचान और उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित जांच, समय पर उपचार तथा एचपीवी वैक्सीनेशन के माध्यम से इस बीमारी से प्रभावी बचाव संभव है।

डॉ. शर्मा ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन लगवाने की आदर्श आयु 9 से 14 वर्ष है, जिसमें दो खुराकें दी जाती हैं। वहीं 15 से 45 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को, यदि पूर्व में टीकाकरण नहीं हुआ है, तो चिकित्सकीय परामर्श अनुसार तीन खुराकें लेने की सलाह दी जाती है। उन्होंने महिलाओं से नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने तथा किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने तथा बीमारी से जुड़े भ्रमों को दूर करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया तथा समाज में सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर उपनिदेशक उच्च शिक्षा यशवीर धीमान, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पवनेश, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेखर कपूर सहित विभिन्न विद्यालयों के अध्यापक एवं अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments