Ticker

6/recent/ticker-posts

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका के रिक्त पद भरने के लिए आवेदन मांगे



मंडी, 22 जून। बाल विकास परियोजना मण्डी सदर की विभिन्न पंचायत, नगर निगम, नगर परिषद वार्डों में स्थित आंगनबाड़ी केन्द्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका के रिक्त पद भरने के लिए इच्छुक स्थानीय महिलाओं से सादे कागज पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

बाल विकास परियोजना अधिकारी मंडी सदर जितेंद्र सैणी ने आज यहां बताया कि बाल्ट पंचायत के जजरौत आंगनबाड़ी केंद्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, टिक्कर कलां के टिक्कर तथा मलवाणा केंद्र में आंगनबाड़ी सहायिका, बग्गी के बग्गी-एक में आंगनबाड़ी सहायिका, छम्यार के सल्याण्ढी में आंगनबाड़ी सहायिका, खान्दला के खान्दला-एक तथा स्टोह केंद्र में आंगनबाड़ी सहायिका, लोहारा के लोहारा- दो तथा रिंज में आंगनबाड़ी सहायिका, मन्दिर के मन्दिर–दो केंद्र में आंगनबाड़ी सहायिका, मांडल के गैहरा में आंगनबाड़ी सहायिका तथा ग्राम पंचायत बृखमणी के बटेहड़ा–एक वार्ड में आंगनबाड़ी सहायिका के पद भरे जाने हैं।

उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका के पद के लिए केवल महिला उम्मीदवार ही पात्र हैं। प्रार्थी की आयु अधिसूचना जारी होने की तारीख को 18 वर्ष से 35 वर्ष के आयु वर्ग में हो। प्रार्थी का नाम सम्बन्धित आंगनबाड़ी केन्द्र के सर्वे परिवारों की सूची (फीडर एरिया) में दर्ज होना चाहिए, उनके परिवार की सालाना आय 50 हजार रूपये से अधिक न हो व आय प्रमाण पत्र तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कार्यकारी दण्डाधिकारी द्वारा जारी किया गया हो।

उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व आंगनबाड़ी सहायिका के पद के लिए प्रार्थी का बारहवीं (10+2) कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य हैं। हिमाचली स्थायी निवासी प्रमाण पत्र संलग्न होना चाहिए। सम्बन्धित आंगनबाड़ी केन्द्र में कार्यरत आंगनबाड़ी सहायिका भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद के लिए आवेदन कर सकती हैं, यदि वह आवश्यक नियम व शर्तें पूर्ण करती हो।

उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार सादे कागज पर अपने पूर्ण विवरण सहित वांछित दस्तावेजों/प्रमाण पत्रों की सत्यापित छायाप्रतियों सहित 20 जुलाई, 2026 तक कार्यालय बाल विकास परियोजना, मण्डी सदर, जिला मण्डी में आवेदन जमा करवा सकती हैं। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को सरकार द्वारा क्रमशः 10,500/- रूपये एवं सहायिका को 5800/- रूपये समय-समय पर निर्धारित दर पर प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।

अधिक जानकारी के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी, सदर मण्डी के दूरभाष संख्याः 01905-225540 पर सम्बन्धित पर्यवेक्षक अथवा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से भी सम्पर्क कर सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments