Ticker

6/recent/ticker-posts

एनएसआईसी मण्डी में नि:शुल्क कोर्स के लिए आवेदन आमंत्रित, 30 जून अंतिम तिथि



मंडी, 18 जून। मण्डी के पुलघराट स्थित भारत सरकार के राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम प्रशिक्षण संस्थान में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा वर्ष 2026 में "कौशल विकास योजना" के अंतर्गत विभिन्न नि:शुल्क कोर्स के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है।

एन.एस.आई.सी. के मुख्य प्रबंधक लोकेश भाटिया ने आज यहां बताया कि सितम्बर, 2026 तक इस योजना के अंतर्गत दो से तीन माह तक के चार कोर्स में 80 युवाओं को एनएसआईसी प्रशिक्षण संस्थान मण्डी में नि:शुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिसके लिए आवेदन 30 जून, 2026 तक लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इनमें महिला टेलर (कटिंग-टेलरिंग) के लिए योग्यता 9वीं पास, टैली एकाउंटिंग एवं जीएसटी के लिए 12वीं पास, डाटा एंट्री एवं कार्यालय सहायक तथा हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग के प्रशिक्षण के लिए 10वीं पास निर्धारित की गई है। इन सभी कोर्स के लिए 20-20 सीटें भरी जाएंगी।

उन्होंने बताया कि 18 वर्ष या इससे अधिक उम्र का कोई भी इच्छुक अभ्यर्थी दो पासपोर्ट फोटो, आधार कार्ड व योग्यता प्रमाण पत्रों की छायाप्रति से साथ प्रशिक्षण केंद्र में आवेदन कर सकता है। इन कोर्स का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं/जरूरतमंदों को विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार के लायक बनाना एवं रोजगार के अवसरों से अवगत कराना है। ये कोर्स सभी वर्ग व जाति के लोगों के लिए पूर्णतया नि:शुल्क हैं और कोई पारिवारिक आय सीमा भी नहीं है। उन्होंने बताया कि कोर्स के बाद प्रतिभागियों को एनएसआईसी व मंत्रालय की तरफ से प्रमाण पत्र दिए जाएंगे और अपना व्यवसाय शुरू करने व रोजगार दिलवाने में सहायता भी की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी एन.एस.आई.सी. मण्डी कार्यालय के दूरभाष 01905-226471 पर संपर्क कर सकते हैं। 

Post a Comment

0 Comments