हमीरपुर 02 जून। बद्दी की प्रसिद्ध कंपनी डॉ. रेड्डीज लैबोरेट्रीज प्राइवेट लिमिटेड सेल्फ मैनेज्ड टीम (एसएमटी) ट्रेनी के 70 पदों को भरने के लिए 12 जून को सुबह 10 बजे उपरोजगार कार्यालय नादौन में साक्षात्कार लेगी।
 जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए मेडिकल या नॉन मेडिकल संकाय में 60 प्रतिशत अंकों के साथ बारहवीं पास फ्रेशर युवक और युवतियां पात्र होंगी। इनकी आयु 18 से 20 वर्ष होनी चाहिए तथा ये अविवाहित हों।
 चयनित उम्मीदवारांे को 17,416 रुपये मासिक मानदेय, रियायती दरों पर भोजन, आवास, परिवहन और अन्य सुविधाएं मिलेंगीं। कंपनी में कार्य के साथ-साथ इन उम्मीदवारों को चित्कारा विश्वविद्यालय से फार्मास्यूटिकल कैमिस्ट्री में बीएससी का डिग्री कोर्स भी करवाया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा इन पदों के लिए योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
  भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।।