उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में जिला में स्थित गौ सदनों के कुशल संचालन एवं गौवंश के संरक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न गौ सदनों के संचालकों द्वारा गौ सदनों की व्यवस्थाओं, गौवंश के रख-रखाव, चारे, स्वच्छता तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इसके साथ ही गौ सदनों के संचालन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं एवं उनके समाधान पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में गौ सदनों को प्रदान की जा रही आर्थिक सहायता एवं उसके प्रभावी उपयोग की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि गौ संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही इस कार्य को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गौ सदनों में गौवंश को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा इस दिशा में हर संभव सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी संचालकों से गौ सदनों में पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन बनाए रखने का आग्रह करते हुए कहा कि जिला प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने संबंधित विभागों को भी समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। बैठक की कार्यवाही का संचालन उपनिदेशक पशुपालन विभाग डाॅ अरुण शर्मा ने किया। इस अवसर पर डॉ संजय ठाकुर सहित अन्य अधिकारी एवं गौ सदनों के संचालक उपस्थित रहे।

0 Comments