शिमला अंतरराष्ट्रीय समर फेस्टिवल 2026 के दौरान आयोजित होने वाली प्रथम एंटी-ड्रग इंटर-डिस्ट्रिक्ट वॉलीबॉल चैम्पियनशिप बॉयज़ (अंडर-21 वर्ग) के लिए कुल्लू जिला टीम के चयन ट्रायल 24 मई को आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी देते हुए जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी कविता ठाकुर ने बताया कि यह चैम्पियनशिप जिला खेल परिषद और जिला प्रशासन शिमला द्वारा अंतरराष्ट्रीय समर फेस्टिवल आयोजन समिति के सौजन्य से 8 जून से 12 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिला कुल्लू से टीम चयनित की जाएगी। चयन के लिए ट्रायल सुबह 10 बजे से खेलो इंडिया केंद्र, खेल परिसर ढालपुर कुल्लू में आयोजित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में विजेता टीमों और खिलाड़ियों के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार में प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये सहित ट्रॉफी और मेडल दिए जाएंगे, जबकि द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये रखा गया है।
इसके अतिरिक्त क्वालीफाई करने वाली शीर्ष पांच टीमों को 20-20 हजार रुपये प्रति टीम प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को आयोजन समिति द्वारा टी-शर्ट भी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि ट्रायल में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों का जन्म 1 जनवरी 2005 या उसके बाद का होना अनिवार्य है। खिलाड़ियों को अपने साथ आयु प्रमाण पत्र और आधार कार्ड की मूल प्रति लानी होगी। उन्होंने कहा कि चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को यात्रा भत्ता एवं दैनिक भत्ता देय नहीं होगा। उन्होंने जिला के इच्छुक युवा खिलाड़ियों से समय पर पहुंचकर ट्रायल में भाग लेने की अपील की है।

0 Comments