शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्य के सभी विद्यार्थियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस परीक्षा में कुल 81,417 विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 74,637 विद्यार्थी सफल रहे हैं, जिससे कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 92.02 प्रतिशत रहा है।
उन्होंने कहा कि यह परिणाम पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर है। यह राज्य सरकार तथा शिक्षा बोर्ड द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए गए निरंतर सुधारों और प्रयासों के सकारात्मक परिणाम को दर्शाता है।
शिक्षा मंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मेरिट सूची में सर्वाधिक विद्यार्थी सरकारी विद्यालयों से हैं, जो सरकारी शिक्षण संस्थानों में प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता में किये जा रहे सुधार का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि यह उल्लेखनीय उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और शिक्षकों के ईमानदार प्रयासों तथा अभिभावकों के बहुमूल्य सहयोग का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की प्रतिबद्धता की सराहना की, जिन्होंने विद्यार्थियों का शैक्षणिक सफलता की ओर मार्गदर्शन करने और उनके उज्ज्वल भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
रोहित ठाकुर ने छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि इस वर्ष एक बार फिर छात्राओं ने परीक्षा में छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया है। 40,281 छात्राओं में से 37,749 सफल रहीं, जबकि 40,828 छात्रों में से 36,888 छात्र परीक्षा में उत्तीर्ण हुए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों का यह शानदार प्रदर्शन पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है और उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, प्रतिभा तथा शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ती उपलब्धियों को दर्शाता है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि विशेषकर सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों की सफलता यह संकेत देती है कि राज्य सरकार द्वारा शिक्षा प्रणाली को सुदृढ़ करने के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल और सफल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने, उच्च लक्ष्य निर्धारित करने और समाज व राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

0 Comments