चंबा, अप्रैल 6
चंबा जिला के अंतर्गत विभिन्न बाल देखभाल संस्थानों में अध्ययनरत 'चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट' के शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के तहत आज बच्चों ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन का भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों ने राष्ट्रपति भवन के विभिन्न भागों का अवलोकन कर उसके ऐतिहासिक, प्रशासनिक एवं सांस्कृतिक महत्व की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण दल के प्रभारी एवं बाल संरक्षण अधिकारी अजय भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों ने राष्ट्रपति भवन के भव्य उद्यान, संग्रहालय, विभिन्न बैठक कक्षों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों के आयोजन स्थलों सहित अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों का अवलोकन किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति भवन के गाइड द्वारा बच्चों को राष्ट्रपति भवन की कार्यप्रणाली, दायित्वों एवं महत्व से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई।
उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान बच्चों ने उपहार कक्ष में प्रदर्शित चंबा रूमाल को देखकर विशेष गर्व एवं उत्साह का अनुभव किया। राष्ट्रपति भवन की भव्यता और गरिमा को देखकर बच्चे अत्यंत प्रभावित एवं सम्मानित महसूस कर रहे थे।
इससे पूर्व बच्चों ने लाल किला, राजघाट एवं इंडिया गेट जैसे ऐतिहासिक स्थलों का भी भ्रमण किया, जहां उन्होंने देश के गौरवशाली इतिहास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की। दिनभर के भ्रमण के उपरांत बच्चों का रात्रि विश्राम नई दिल्ली के हिमाचल भवन में निर्धारित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में कार्यान्वित महत्वाकांक्षी 'सुख आश्रय योजना' के अंतर्गत राज्य सरकार निराश्रित बच्चों के अभिभावक के रूप में उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित कर रही है। यह पहल राज्य सरकार की सामाजिक कल्याण के प्रति विशेष प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
इसी कड़ी में चंबा जिला के चार विभिन्न बाल देखभाल संस्थानों के 35 बच्चे (24 लड़कियां एवं 11 लड़के) इस शैक्षणिक भ्रमण में भाग ले रहे हैं, जो 31 मार्च से आरंभ होकर 7 अप्रैल तक जारी रहेगा।
विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक भ्रमण को अपने जीवन का अविस्मरणीय एवं प्रेरणादायक अनुभव बताते हुए कहा कि इससे उन्हें देश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को निकट से जानने-समझने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने इस कल्याणकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति विशेष आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की है ।

0 Comments