चंबा, मार्च 19
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत जिला में संचालित सभी बैंक प्रबंधन यह सुनिश्चित करें कि पात्र खाता धारकों को सामाजिक सुरक्षा बीमा-पेंशन योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध करवाया जाए।
वह आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित जिला परामर्शदात्री समिति तथा जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल कर रहे थे।
उन्होंने इस दौरान वार्षिक ऋण योजना (एनुअल क्रेडिट प्लान) 2026-27 का भी विमोचन किया।
मुकेश रेपसवाल ने बताया कि जिला में संचालित बैंकों को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए वर्षिक ऋण योजना के अंतर्गत 1932.83 करोड़ का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके तहत तीसरी तिमाही तक 1280.41 करोड़ का लक्ष्य प्राप्त किया है जो कि 66.25 प्रतिशत है।
उन्होंने बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के तहत जिले में संचालित बैंकों द्वारा प्राप्त लक्ष्यों पर असंतोष व्यक्त किया।
उन्होंने बैंक प्रबंधकों से जनहित में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बैंक अधिकारियों को किसान क्रेडिट कार्ड की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए। साथ में उन्होंने कृषि ,उद्यान तथा अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए किसानों-बागवानों को क्रेडिट कार्ड से संबंधित सेवाओं में कमी रखने वाले बैंकों में धनराशि जमा न की जाए।
उन्होंने डॉ यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना की जानकारी को लेकर भी
विशेष जागरूकता शिविर आयोजित करने को कहा ।
इससे पहले बैठक में अग्रणी जिला प्रबन्धक डी सी चौहान ने स्वागत संबोधन रखते हुए जारी वित्तीय वर्ष की तीसरी तिमाही (दिसम्बर 2025) तक बैंकिंग क्षेत्र में हुई प्रगति की जानकारी साझा की ।
इस दौरान एलडीओ आरबीआई आशीष साँगड़ा, डीडीएम नाबार्ड राकेश कुमार ने भी विभिन्न बैंक योजनाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत प्रायोजित ऋण प्रस्तावों ग्रामीण आजीविका मिशन, शहरी आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री लघु दुकानदार योजना इत्यादि से संबंधित मामलों पर भी विस्तृत चर्चा की गई ।
उपनिदेशक पशुपालन विभाग राकेश भंगालिया, महाप्रबंधक उद्योग मनीत कुमार, एसएमएस उद्यान विभाग कैलाश कौशल, वरिष्ठ मत्स्य पालन अधिकारी प्रीतम चंद, जिला समन्वयक एआईसी भुवनेश कुमार सहित विभिन्न विभागीय एवं जिला में संचालित बैंकों के प्रबंधक बैठक में उपस्थित रहे।

0 Comments