धर्मशाला, 23 फरवरी: पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (पीएनबी आरसेटी), धर्मशाला द्वारा आज यहां प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत 10 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पंजाब नेशनल बैंक, धर्मशाला के उप मंडल प्रमुख भरत कक्कड़ तथा पीएनबी आरसेटी के निदेशक मदन लाल में किया गया।
आरसेटी निदेशक मदन लाल ने बताया कि इस 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में लाभार्थियों को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत स्वरोजगार स्थापित करने हेतु आवश्यक जानकारी प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर सृजित करना है।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों जैसे व्यवसाय योजना तैयार करना, वित्तीय प्रबंधन, विपणन कौशल तथा बैंक ऋण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से अवगत कराया जा रहा है, ताकि वे अपना उद्यम सफलतापूर्वक स्थापित कर सकें।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक युवक एवं युवतियां नजदीकी गवर्नमेंट काॅलेज आॅडिटोरियम, सिविल लाइन धर्मशाला स्थित पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, कांगड़ा से संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए संस्थान के निदेशक से उनके मोबाइल नंबर 9816389602 अथवा कार्यालय नंबर 01892-271212 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, जिसके आधार पर वे अपना स्वरोजगार स्थापित करने के लिए बैंक से ऋण हेतु आवेदन कर सकेंगे।
000

0 Comments