नूरपुर/कांगड़ा: जिला कांगड़ा की तहसील नूरपुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम डुन्नी की बेटी सुश्री ऐशिता ने अखिल भारतीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ऐशिता का चयन भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर हुआ है। उन्होंने अखिल भारतीय मेरिट सूची में 12वां स्थान प्राप्त कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
ऐशिता का चयन कोर्स संख्या 218/26टी/एसएससी (पुरुष एवं महिला) के अंतर्गत हुआ है। उनकी इस सफलता से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा नूरपुर क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
शिक्षा और संघर्ष: ऐशिता ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा (10+2) केंद्रीय विद्यालय, 3 बीआरडी, चंडीगढ़ से पूरी की। इसके पश्चात उन्होंने सीसीईटी, पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ से कंप्यूटर साइंस में बी.ई. (B.E.) की डिग्री हासिल की। तकनीकी शिक्षा ग्रहण करने के बाद, देश सेवा के जज्बे के साथ उन्होंने भारतीय वायुसेना की प्रतिष्ठित AFCAT परीक्षा उत्तीर्ण की और यह मुकाम हासिल किया।
देश सेवा की विरासत: ऐशिता को देश सेवा का जज्बा विरासत में मिला है। उनके पिता श्री राजीव शर्मा वर्तमान में भारतीय वायुसेना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐशिता के दादा स्व. श्री कुलदीप चंद शर्मा और दादी श्रीमती कल्याण देवी का सपना था कि उनकी पौत्री वायुसेना में जाकर देश की सेवा करे, जो आज उनकी कड़ी मेहनत से साकार हुआ है।
प्रशिक्षण: चयनित होने के बाद, ऐशिता का प्रशिक्षण जनवरी 2026 से वायुसेना अकादमी, सिकंदराबाद (हैदराबाद) में शुरू होगा।

0 Comments