धर्मशाला, 20 मई 2025
काँगड़ा से लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चंबा में केंद्रीय सुरक्षा बलों का एक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का अनुरोध किया।
डॉ. भारद्वाज ने बताया कि चंबा जिला सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे में इस क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों की उपस्थिति अत्यावश्यक है।
इसके साथ ही सांसद डॉ. भारद्वाज ने चुराह और चंबा के सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPOs) का मानदेय बढ़ाने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि ये अधिकारी वर्षों से दुर्गम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देश की सेवा कर रहे हैं, लेकिन उन्हें समुचित मानदेय नहीं मिल रहा, जिससे वे आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि सीमावर्ती राज्य जम्मू-कश्मीर में कार्यरत SPOs को हिमाचल प्रदेश में तैनात SPOs की तुलना में अधिक मानदेय प्राप्त होता है, जबकि दोनों राज्यों में कार्य की प्रकृति समान है। ऐसे में हिमाचल के SPOs के साथ समान व्यवहार होना चाहिए।
डॉ. भारद्वाज ने केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह को आगामी गर्मियों में काँगड़ा संसदीय क्षेत्र के दौरे का निमंत्रण भी दिया, जिसे मंत्री जी ने स्वीकार कर लिया।
श्री अमित शाह ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और संबंधित अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने केंद्रीय गृह मंत्री का आभार प्रकट किया।

0 Comments