परगोड़ में 2 करोड़ रुपये से स्थापित 500 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण
चंगर क्षेत्र को 2 करोड़ 15 लाख रुपये की विकास योजनाओं की सौगातशाहपुर, 12 नवंबर : ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाने, स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। ग्रीन पंचायत योजना इसी सोच का महत्वपूर्ण उदाहरण है, जिसके माध्यम से सौर ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ पंचायतों को आय के स्थायी स्रोत उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। यह बात उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की गुब्बर पंचायत के परगोड़ में 500 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण करने के उपरांत कही।
उन्होंने बताया कि लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित यह सौर ऊर्जा संयंत्र जिला का पहला ट्रिपल-पी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर आधारित संयंत्र है। यह परियोजना न केवल स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय पंचायत की आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी मजबूत करेगी। इससे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने और बिजली कटौती की समस्या से राहत दिलाने में भी मदद मिलेगी।
पठानिया ने कहा कि ग्रीन पंचायत योजना की सबसे बड़ी विशेषता इसका राजस्व साझाकरण मॉडल है। इसके तहत परियोजना से प्राप्त कुल राजस्व का 20 प्रतिशत हिमाचल प्रदेश सरकार को तथा 30 प्रतिशत हिमऊर्जा (HIMURJA) को परियोजना के संचालन, रखरखाव एवं प्रबंधन के लिए निर्धारित किया गया है। शेष 50 प्रतिशत राजस्व स्थानीय सामाजिक एवं सामुदायिक विकास पर खर्च होगा।
उन्होंने बताया कि स्थानीय विकास के लिए निर्धारित 50 प्रतिशत राशि में से 25 प्रतिशत संबंधित ग्राम पंचायत के विकास कार्यों पर खर्च की जाएगी, जबकि शेष 25 प्रतिशत राशि उसी पंचायत के अनाथ बच्चों एवं विधवा महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए निर्धारित की गई है। इस प्रकार यह योजना स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के साथ सामाजिक सुरक्षा और ग्रामीण विकास का भी मजबूत माध्यम बनेगी।
15 लाख से निर्मित खेल मैदान जनता को समर्पित
इस अवसर पर विधायक ने लगभग 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित खेल मैदान का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि चंगर क्षेत्र के लिए यह मैदान एक महत्वपूर्ण सौगात है। प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण इस क्षेत्र में निर्मित सुंदर खेल मैदान से स्थानीय युवाओं और बच्चों को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि मैदान में विभिन्न खेलों के आयोजन, युवाओं के अभ्यास तथा ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं के संचालन की सुविधा मिलेगी। यहां जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी विकसित की जा सकती हैं। खेल मैदान युवाओं को नशे से दूर रखने, उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और खेल प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
चंगर क्षेत्र में पेयजल-बिजली सुधार को प्राथमिकता
पठानिया ने कहा कि चंगर क्षेत्र के विकास के लिए प्रदेश सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के सुधार पर लगभग 30 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जबकि बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए करीब 3.85 करोड़ रुपये की राशि व्यय की गई है। इन कार्यों से क्षेत्र के लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
बीबीएमबी एरियर मामले में प्रदेश सरकार को ऐतिहासिक सफलता
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हिमाचल के हितों की रक्षा और राज्य की आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए दृढ़ता से कार्य कर रही है। बीबीएमबी के 15 वर्षों से लंबित एरियर के मामले में प्रदेश सरकार को मिली सफलता राजनीतिक इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि इस निर्णय के परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश को आगामी 20 वर्षों में लगभग 12,000 मिलियन यूनिट बिजली प्राप्त होगी। मौजूदा दरों के आधार पर प्रदेश को प्रतिवर्ष करीब 500 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है।
उन्होंने किशाऊ बांध परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस परियोजना से बिजली उत्पादन शुरू होने पर हिमाचल प्रदेश को बिना किसी अतिरिक्त व्यय के प्रतिवर्ष लगभग 1,500 करोड़ रुपये की आय सुनिश्चित होने का अनुमान है। बीबीएमबी और किशाऊ बांध परियोजना से जुड़े इन दोनों प्रयासों के फलस्वरूप प्रदेश को प्रतिवर्ष लगभग 3,000 करोड़ रुपये की आय प्राप्त होने की संभावना है। इससे राज्य के वित्तीय संसाधन मजबूत होंगे और हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के मुख्यमंत्री के संकल्प को बल मिलेगा।
उन्होंने कहा कि चंगर क्षेत्र के लोगों का उन्हें हमेशा भरपूर सहयोग और स्नेह मिला है। क्षेत्र के लोगों का कांग्रेस पार्टी से जुड़ना प्रदेश सरकार की नीतियों और विकास कार्यों के प्रति उनके विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि शाहपुर की जनता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वह लोगों के विश्वास एवं सहयोग के लिए सदैव आभारी रहेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है और इसके लिए प्रदेश के उपलब्ध प्राकृतिक एवं अन्य संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
खेल प्रतिभा निहारिका राणा को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ने कुराश खेल में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र एवं प्रदेश का नाम रोशन करने वाली निहारिका राणा को सम्मानित किया। उन्होंने निहारिका को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग, एसडीएम ज्वाली नरेंद्र, उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक अजय समयाल, एप्रोप्रिएट टेक्नोलॉजी सेंटर शाहपुर की प्रभारी डॉ. सुनंदा पठानिया, डीएफओ अमित शर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम कटोच, बीएमओ शाहपुर डॉ कविता ठाकुर, हिमऊर्जा के प्रोजेक्ट अधिकारी अरुण भारद्वाज,सीडीपीओ रैत निर्मला चौहान, बीडीओ रैत योगेंद्र, प्राचार्य डॉ विश्वजीत एवं संजय शर्मा, अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, एसडीओ रमेश,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, चंगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरजन, जिप सदस्य मीना राणा, पूर्व जिप सदस्य नीना ठाकुर, प्रधान रेणु, उपप्रधान बुद्धि राणा, मनेई प्रधान दर्शन सिंह, प्रधान पिंकी देवी, प्रधान सरिता, रविंद्र, ओंकार, उपप्रधान राजकुमार, मंजीत राणा, अमन चौधरी बलदेव, सत्येंद्र शास्त्री , विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उनके प्रतिनिधियों के अतिरिक्त अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

0 Comments