धर्मशाला, 28 अक्तूबर: धर्मशाला के सिंथेटिक ट्रैक में आयोजित 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 लड़के एवं लड़कियों की एथलेटिक्स मीट का आज समापन हो गया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 12 जिलों के साथ बिलासपुर, चौपाल स्थित खेल छात्रावासों तथा खेलो इंडिया केंद्र के कुल 429 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों तथा प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतिभा के साथ-साथ अनुशासन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प आवश्यक हैं। युवा खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए निरंतर प्रयास करने चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने, आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास तथा उनके उचित रखरखाव पर विशेष ध्यान दे रही है। सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाकर उन्हें उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
अनुराग शर्मा ने बताया कि नादौन में करोड़ों रुपये की लागत से इंडोर मल्टीपरपज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। इसमें शूटिंग रेंज, स्विमिंग पूल, जिम, बहुउद्देशीय खेल हॉल, चार बैडमिंटन कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट तथा टेनिस कोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके अतिरिक्त खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए आवासीय सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में अभूतपूर्व वृद्धि की गई है। राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को अब तक 30 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जा चुकी है।
इस अवसर पर एशियाई खेलों में पदक जीतने वाली धावक सीमा कुमारी तथा कबड्डी खिलाड़ी भावना ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। मुख्यातिथि ने युवा खिलाड़ियों से इन खिलाड़ियों के संघर्ष, समर्पण और उपलब्धियों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इनकी सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
समारोह के दौरान राज्यसभा सांसद ने प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर नगर निगम धर्मशाला के पूर्व महापौर देवेंद्र जग्गी, उपनिदेशक शिक्षा अजय समयाल, एडीपीओ अतुल कटोच, जिला विद्यार्थी खेल संघ के पदाधिकारी, प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खेल प्रशिक्षक तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

0 Comments