चंबा, सितंबर 29
लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र स्वरोजगार के अवसर सृजित करने तथा ग्रामीण आर्थिकी को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
डॉ. राजीव भारद्वाज आज जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बचत भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे ।
उन्होंने अधिकारियों को सहकारिता विभाग की सभी योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ में उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अधिक से अधिक लोगों को सहकारी संस्थाओं और योजनाओं से जोड़कर स्वरोजगार के विकल्प उपलब्ध करवाए जाएं।
बैठक में उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के कार्यान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।
बैठक में विधायक डॉ. हंस राज, डीएस ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे ।
डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि चंबा में बेहतर सड़क संपर्क सुनिश्चित करने के लिए चक्की-चंबा-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के तहत लाने से इसके आवश्यक रखरखाव तथा डबल लेन कार्य में तेजी आएगी । उन्होंने यह भी कहा कि जिला में लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का प्रभावी कार्यान्वयन सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
लोकसभा सांसद ने जिला में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए केंद्रीय वित्त पोषित योजना आरडीएसएस के तहत प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यान्वयन एजेंसी आरवीएनएल द्वारा किए जा रहे कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चूंकि जिला में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आरडीएसएस के तहत 90 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा रही है, ऐसे में योजना का लाभ लोगों को समयबद्ध तरीके से मिलना चाहिए ।
डॉ. राजीव भारद्वाज ने जिला में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार रावी रिवर फ्रंट योजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया।
लोकसभा सांसद ने सहकारिता क्षेत्र को स्वरोजगार का मजबूत आधार बताते हुए विभागीय अधिकारियों को सभी योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय , प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय उच्च मार्ग 154ए, आरडीएसएस योजना, जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय हेल्थ मिशन, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना,सामाजिक पेंशन योजनाएं, प्रधान मंत्री किसान सम्मान निधि, समग्र शिक्षा, एमपी लैड सहित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति एवं प्रभावी कार्यान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई । इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं के तहत प्रगति से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में इससे पहले उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने स्वागत संबोधन में विभिन्न योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी रखी ।
गैर सरकारी सदस्य कृष्णा महाजन, मनोज कुमार, सुभाष ठाकुर, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी , अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, उप मंडल अधिकारी नागरिक अनिल भारद्वाज, मनीष सोनी, चिराग शर्मा, अजय कुमार सिंह, राजेश जरयाल, सुरेंद्र कटोच, अधीक्षण अभियंता राकेश मोंगरा, , राजीव ठाकुर, जीत सिंह,जिला राजस्व अधिकारी डॉ. विक्रम जीत सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज, वन मंडल अधिकारी कृतज्ञ कुमार, डॉ. कुलदीप जमवाल, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।
0 Comments