*मंडी, 14 सितम्बर।* पशुपालन विभाग में पशु मित्र (मल्टी टास्क वर्कर) के पद के लिए उपमंडलीय पशु चिकित्सालय मंडी (ग्रामीण) के अंतर्गत आवेदन करने वाली पात्र एवं इच्छुक महिला अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक परीक्षण का आयोजन 18 सितम्बर, 2026 को किया जाएगा।
विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के कारण भर्ती प्रक्रिया के चरण-1 के तहत शारीरिक परीक्षण पूर्व निर्धारित समय पर आयोजित नहीं किया जा सका था। अब यह परीक्षण 18 सितम्बर, 2026 को पड्डल मैदान मंडी में आयोजित किया जाएगा।
सूचना के अनुसार सभी पात्र महिला अभ्यर्थियों को प्रातः 10:00 बजे परीक्षा स्थल पर रिपोर्ट करना होगा। पंजीकरण की अंतिम समय सीमा प्रातः 11:15 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी का पंजीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा विलंब से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को अलग से कोई अवसर नहीं दिया जाएगा।
अभ्यर्थियों को भर्ती सूचना में निर्धारित सभी आवश्यक मूल प्रमाण-पत्र/दस्तावेज तथा वैध पहचान पत्र अपने साथ लाना अनिवार्य होगा। शारीरिक परीक्षण से पूर्व दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
विभाग ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा स्थल पर पहुंचकर पंजीकरण एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूर्ण करने का आग्रह किया है।

0 Comments