Ticker

6/recent/ticker-posts

कुल्लू में दिव्यांगजनों के लिए विशेष मूल्यांकन शिविरों का आयोजन



 जिला रेड क्रॉस सोसाइटी और जिला दिव्यांगता पुनर्वास केंद्र कुल्लू के सौजन्य से जिले की विभिन्न पंचायतों में दिव्यांगता पुनर्वास मूल्यांकन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।  सहायक आयुक्त एवं नोडल अधिकारी डॉ. जयबंती ठाकुर ने बताया कि यह विशेष शिविर आगामी 13 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जाएंगे। शिविरों की शुरुआत 13 जुलाई को ग्राम पंचायत भुइन के पंचायत घर से होगी।  14 जुलाई को नगर परिषद भुंतर के नगर परिषद भवन, 15 जुलाई को ग्राम पंचायत खोखण एवं परगाणु के पंचायत घर खोखण तथा 16 जुलाई को ग्राम पंचायत जिया के पंचायत घर जिया में इन शिविरों का आयोजन किया जाएगा। 
उन्होंने कहा कि सभी स्थानों पर शिविरों का समय सुबह 10:00 बजे से निर्धारित किया गया है। इन शिविरों में पी एंड टेक्नीशियन, स्पीच एंड हियरिंग तकनीशियन, विशेष शिक्षक, एमआर डब्लू और मोबिलिटी इंस्ट्रक्टर सहित विशेषज्ञों की एक विशेष टीम मौजूद रहेगी। यह टीम शिविर में आने वाले दिव्यांग व्यक्तियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत उन्हें लाभान्वित करने तथा उनके  पुनर्वास आवश्यकताओं का आकलन करेगी । 
उन्होंने कहा कि जिन दिव्यांगजनों के अभी तक दिव्यांगता प्रमाण पत्र या यूडीआईडी कार्ड नहीं बने हैं, उन्हें यह दस्तावेज बनवाने में सहायता प्रदान की जाएगी। शिविर के दौरान विकासात्मक देरी वाले बच्चों और 60 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ नागरिकों की भी पहचान की जाएगी, जिन्हें चलने-फिरने या सुनने में समस्या आ रही है, ताकि उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण और साधन उपलब्ध करवाए जा सकें।  इसके अतिरिक्त, शिविरों में दिव्यांगता की शीघ्र पहचान और इसके बचाव को लेकर विशेष जागरूकता सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने  सभी पात्र व्यक्तियों से अपील की है कि वे भारी संख्या में इन शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Post a Comment

0 Comments