Ticker

6/recent/ticker-posts

नवीं कक्षा की छात्रा और उसकी मां की मौत मामले में सीडब्‍ल्‍यूसी ने लिया संज्ञान



पुलिस से स्‍टेट्स रिपोर्ट तलब की

धर्मशाला, 03 जुलाई। जिला कांगड़ा के थाना जवाली के तहत आने वाले गांव धेला में नवीं कक्षा की छात्रा और उसकी मां की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में जिला बाल कल्‍याण समिति, धर्मशाला ने संज्ञान लेते हुए पुलिस से मामले की स्‍टेट्स रिपोर्ट तलब करते हुए उचित कानूनी कार्यवाही किए जाने के निर्देश जारी किए हैं।

 

शुक्रवार को इस घटना का पता चलते ही जिला बाल कल्‍याण समिति के अध्‍यक्ष विक्रमजीत शर्मा एवं सदस्‍यों विजय शर्मा और नरेष्‍ठा कुमारी ने मामले पर गौर करते हुए आवश्‍यक जानकारी जुटाई। समिति के अध्‍यक्ष विक्रमजीत शर्मा ने बताया कि उन्‍हें विभिन्‍न मीडिया माध्‍यमों से मिली जानकारी के अनुसार ज्‍वाली की पंचायत धेवा में रहने वाले एक परिवार के सदस्‍यों ने रात को खाना खाया और इसके बाद मां और उसकी नाबालिग बेटी एवं बेटा अपने घर में सो गए और महिला का पति दूसरे कमरे में सोने के लिए चला गया। बताया जा रहा है कि इस बीच सुबह जब महिला का पति उठा तो महिला और बेटी की संदिग्‍ध परिस्‍थितियों में मौत हो चुकी थी, जबकि नबालिग बेटा भी गंभीर हालत में उल्‍टियां करता पाया गया। बेटे को उसके पिता ने ग्रामीणों की मदद से जवाली अस्पताल में दाखिल करवाया जहां वह उपचाराधीन है।

 

विक्रमजीत ने बताया कि इस मामले में प्रभावित परिवार की नवीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी की मौत हो गई है, जबकि बेटा गंभीर है। नबालिग बच्‍चों से जुड़ा मामला होने के चलते इस घटना पर जिला बाल कल्याण समिति ने संज्ञान लिया है और पुलिस थाना जवाली से इस मामले में की गई प्रारंभिक जांच की स्टेट्स रिपोर्ट तलब की है। साथ ही पुलिस को उचित कानूनी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।

Post a Comment

0 Comments