Ticker

6/recent/ticker-posts

जलाड़ी में खेल मैदान, जयसिंहपुर अस्पताल में जल्द मिलेगी डायलिसिस सुविधा : यादविंदर गोमा



 जयसिंहपुर, 5 जुलाई: आयुष, कानून तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने आज जयसिंहपुर उपमंडल के गांव जलाड़ी एवं नाहलना में आयोजित विभिन्न जनसभाओं में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


गांव जलाड़ी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री यादविंदर गोमा ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है तथा जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को गंभीरता से प्रदेश सरकार के समक्ष रखा जाएगा।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र की सड़क की टारिंग का कार्य हाल ही में पूरा किया गया है जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि खराब ट्रांसफार्मर को भी बदल दिया गया है ताकि लोगों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

 यादविंदर गोमा ने कहा कि गांव तरिंडा तक सड़क निर्माण कार्य के लिए 9 लाख रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं जिसका कार्य जल्द ही आरम्भ किया जाएगा तथा निर्धारित समय में पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पालमपुर से सरीमोलग तक बस सेवा का संचालन भी शीघ्र आरंभ करने के प्रयास किए जाएंगे जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने जलाड़ी गांव में खेल मैदान के निर्माण के लिए आवश्यक आकलन शीघ्र तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। 
उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर अस्पताल में जल्द ही डायलिसिस की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अतिरिक्त हाल ही में अस्पताल में चार चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है तथा नई एक्स-रे मशीन भी स्थापित कर दी गई है जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

इसके उपरांत गांव नाहलना में आयोजित जनसभा के दौरान आयुष, कानून तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रत्येक विषय को गंभीरता से लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाहलना में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) की उपलब्धता शीघ्र सुनिश्चित की जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा पानी के टैंक का निर्माण आगामी दो से तीन माह के भीतर शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने श्मशान घाट के कार्य के लिए 2 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की।

मंत्री यादविंदर गोमा ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों के लिए घातक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति चिट्टे जैसे मादक पदार्थों के अवैध कारोबार अथवा सेवन में संलिप्त पाया जाता है तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन अथवा सरकार को दें ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

इस दौरान उन्होंने हाल ही में निर्वाचित हुए जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर बीडीसी अध्यक्षा मीना कुमारी, बीडीसी सदस्य ओमप्रकाश धीमान, प्रधान जलाड़ी राजकुमार, प्रधान नाहलना राजकुमारी, उपप्रधान जलाड़ी मनोज, उपप्रधान नाहलना कर्ण सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत डढवाल, पूर्व प्रधान निर्मला देवी, जगरूप सिंह, जोगिंद्र सिंह, सुदर्शना, मंजू, विनोद, बलदेव सिंह, गुलेर चंद, रविंदर रनौत, सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments