Ticker

6/recent/ticker-posts

जनगणना राष्ट्रीय विकास का आधार, नागरिक निभाएं जिम्मेदारी : मुकेश रेपसवाल



चम्बा, 1 जून
उपायुक्त एवं जिला जनगणना अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने आज बचत भवन में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि 1 जून से जनगणना-2027 की प्रक्रिया आरम्भ हो गई है। उन्होंने कहा कि जनगणना दो चरणों में सम्पन्न की जाएगी।
प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं आवास जनगणना की जाएगी जो 16 जून से आरम्भ होगी । इस दौरान प्रगणक (जनगणना कर्मी) नागरिकों से 33 प्रश्न पूछेंगे, जिनमें आवास की स्थिति, पेयजल सुविधा, शौचालय, बिजली, रसोई ईंधन, इंटरनेट तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित जानकारी शामिल होगी।
उपायुक्त ने बताया कि जनगणना-2027 में आधुनिक डिजिटल तकनीक का उपयोग किया जा रहा है तथा नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि 1 जून से 15 जून तक नागरिक जनगणना-2027 की आधिकारिक वेबसाइट एसइ.सेंसस.जीओवी.इन (se.census.gov.in⁠) पर अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से लॉगिन कर 33 बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर दे सकते हैं। स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद पंजीकरणकर्ता को एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी, जिसे मोबाइल संदेश के माध्यम से भी भेजा जाएगा। 
मकान सूचीकरण एवं आवास जनगणना के दौरान जिन नागरिकों ने स्व-गणना की होगी, उन्हें अपनी प्राप्त यूनिक आईडी प्रगणकों को उपलब्ध करवानी होगी। 
उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों द्वारा उपलब्ध करवाई गई समस्त जानकारी को पूर्णतः सुरक्षित, गोपनीय एवं गोपनीयता के निर्धारित मानकों के अनुरूप रखा जाएगा।
जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि जनगणना के दूसरे चरण में प्रगणकों द्वारा नागरिकों की गणना की जाएगी। 
उन्होंने कहा कि जनगणना किसी भी देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होती है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न विकासात्मक योजनाओं, नीतियों और कल्याणकारी कार्यक्रमों का निर्माण करती है।
उपायुक्त ने जिला के सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहयोग देने तथा प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाने की अपील की। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से स्व-गणना सुविधा का उपयोग कर जनगणना प्रक्रिया को सरल, तेज एवं प्रभावी बनाने का भी आग्रह किया।

Post a Comment

0 Comments