Ticker

6/recent/ticker-posts

राष्ट्रीय स्तर पर मंडी जिला सम्मानित, रक्त आधान सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला राष्ट्रीय पुरस्कार



उपायुक्त अपूर्व देवगन ने जोनल अस्पताल मंडी की टीम को दी बधाई, कहा- यह पूरे जिले के लिए गौरव का विषय


मंडी, 18 जून। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 16 जून, 2026 को अहमदाबाद, गुजरात में आयोजित नेशनल लेवल एनजीओ कॉन्क्लेव ऑन ब्लड ट्रांसफ्यूजन सर्विसेज में हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोनल अस्पताल मंडी के ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन सेंटर को रक्त आधान सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। देशभर के राज्यों से सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले ब्लड सेंटरों का चयन किया गया, जिसमें मंडी ने अपनी उत्कृष्ट सेवाओं और स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए यह सम्मान प्राप्त किया।
         कार्यक्रम में जोनल अस्पताल मंडी को "आउटस्टैंडिंग परफॉर्मेंस इन ब्लड ट्रांसफ्यूजन सर्विसेज" के लिए प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। यह सम्मान भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत रक्त आधान सेवाओं के महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं द्वारा प्रदान किया गया। प्रशस्ति पत्र में सुरक्षित रक्त प्रथाओं को बढ़ावा देने तथा रक्त आधान सेवाओं को सुदृढ़ करने में मंडी के योगदान की सराहना की गई है।
          यह उपलब्धि उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक सह मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी के नेतृत्व में जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारियों, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों, चिकित्सा प्रभारियों, जोनल अस्पताल मंडी के ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन सेंटर की टीम, स्वैच्छिक रक्तदाताओं तथा रक्तदाता संगठनों के निरंतर सहयोग और समर्पण का परिणाम है।
          उपायुक्त अपूर्व देवगन ने इस उपलब्धि पर जोनल अस्पताल मंडी और ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन सेंटर की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल एक संस्थान का नहीं, बल्कि पूरे मंडी जिले के लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक संगठनों और रक्तदाताओं ने मिलकर सराहनीय कार्य किया है। इसी सामूहिक प्रयास का परिणाम है कि मंडी आज राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सफल हुआ है।
          उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराना स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जिला प्रशासन भविष्य में भी रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और रक्त आधान सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।
          जिला स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला एड्स कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरिंदम रॉय ने बताया कि यह सम्मान जिले के सभी रक्तदाताओं, रक्तदाता संगठनों तथा स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर सहयोग से ही मंडी राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल कर सका है।

Post a Comment

0 Comments