सीडीपीओ कार्यालय बिझड़ी से प्राप्त जानकारी के अनुसार आंगनवाड़ी केंद्र भकरेड़ी-1, बड़सर-3 और टिक्कर राजपूतां में कार्यकर्ता का एक-एक पद भरा जाएगा। जबकि, आंगनवाड़ी केंद्र गुजरेड़ा, बटारली, कन्नड़ (ग्राम पंचायत दंदवीं), ठाणा, बल्ह विहाल, पैहरवीं, खन्सरा, कन्नड़ अप्पर, धबीरी-1 और जमली-1 में सहायिका का एक-एक पद भरा जाएगा।
इन पदों के लिए आवेदक की आयु 18 वर्ष से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वह संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र की स्थायी निवासी होनी चाहिए और उसका नाम संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना चाहिए। वह कम से कम बारहवीं पास हो और सभी संसाधनों से उसके परिवार की वार्षिक आय पचास हजार रुपये से अधिक न हो। आय के संबंध में कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र ही मान्य होगा। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद हेतु यदि कोई कार्यरत आंगनवाड़ी सहायिका आवेदन करती है तो ऐसी स्थिति में आवेदक को आंगनवाड़ी सहायिका के रूप में मिलने वाले मानदेय की गणना परिवार की वार्षिक आय में नहीं की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया कुल 25 अंकों के आधार पर होगी जिसमें शैक्षणिक योग्यता के लिए अधिकतम 10 अंक मिलेंगे। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सहायिका, मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, बाल सेविका, बालवाड़ी अध्यापिका, नर्सरी टीचर, उसी पंचायत में कार्यरत सिलाई अध्यापिका, शिशु पालक के रूप में अनुभव के लिए अधिकतम 3 अंक दिए जाएंगे। एससी, एसटी या ओबीसी के लिए 2 अंक, 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांगता पर 2 अंक मिलेंगे। स्टेट होम अथवा बालिका आश्रम की प्रवासिनी, अनाथ, विधवा, निराश्रित, तलाकशुदा या अन्य एकल नारी, विवाहित महिला जिसका पति पिछले 7 साल से लापता है, केवल दो बेटियों तक सीमित परिवार से संबंध रखने वाली अविवाहित प्रत्याशी या केवल दो बेटियों की माता होने पर भी 2 अंक मिलेंगे। जबकि, साक्षात्कार के लिए 3 अंक निर्धारित किए गए हैं।
इन पदों के लिए साक्षात्कार 15 जुलाई को सुबह 10 बजे सीडीपीओ कार्यालय बिझड़ी में होंगे। इस संबंध में अलग से कोई पत्र नहीं भेजा जाएगा। चयन प्रक्रिया संबंधी जानकारी संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र और ग्राम पंचायत सचिव के पास भी उपलब्ध रहेगी। अधिक जानकारी के लिए सीडीपीओ कार्यालय बिझड़ी में संपर्क किया जा सकता है।

0 Comments