Ticker

6/recent/ticker-posts

धर्मपुर परियोजना में 10 आंगनवाड़ी सहायिका पदों के लिए आवेदन आमंत्रित



धर्मपुर (मंडी), 20 जून।  समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) योजना के अंतर्गत बाल विकास परियोजना धर्मपुर में विभिन्न आंगनवाड़ी सह प्री-स्कूल केंद्रों में आंगनवाड़ी सहायिका के 10 रिक्त पदों को भरने के लिए पात्र महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। चयनित अभ्यर्थियों को सरकार द्वारा निर्धारित मानदेय के अनुसार प्रतिमाह 5,800 रुपये प्रदान किए जाएंगे।

बाल विकास परियोजना अधिकारी, धर्मपुर धनी राम ने बताया कि सधोट-3, कंडयोल, हलोण, कोठूवां-2, फिहड़-2, धव्वाली, रतकेल, कछाली, लोअर कून तथा टीहरा आंगनवाड़ी सह प्री-स्कूल केंद्रों में सहायिका के पद भरे जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी 9 जुलाई 2026 सायं 5 बजे तक अपने आवेदन आवश्यक प्रमाण-पत्रों सहित बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय धर्मपुर में जमा कर सकती हैं। पात्र अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 14 जुलाई 2026 को प्रातः 11 बजे उप-मण्डलाधिकारी (नागरिक) कार्यालय धर्मपुर में आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि आवेदन करने वाली महिला अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वह संबंधित आंगनवाड़ी सह प्री-स्कूल केंद्र के फीडर क्षेत्र की निवासी हो। अभ्यर्थी का बारहवीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए, जिसके लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।

उन्होंने बताया कि भर्ती से संबंधित विस्तृत पात्रता, चयन प्रक्रिया एवं अन्य शर्तों की जानकारी बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय धर्मपुर से प्राप्त की जा सकती है।

Post a Comment

0 Comments