धर्मशाला, 07 मई: अधीक्षक डाकघर धर्मशाला रविन्द्र कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि धर्मशाला डाक मंडल में गत वित्तीय वर्ष के दौरान डाक जीवन बीमा (पी.एल.आई.) एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आर.पी.एल.आई.) की कुल 8,557 नई पाॅलिसियां खरीदी गईं। इन पाॅलिसियों की कुल बीमित राशि 318 करोड़ रुपये तथा प्रीमियम राशि 4.74 करोड़ रुपये रही।
उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस वर्ष 1,033 प्रस्ताव अधिक प्राप्त हुए हैं। साथ ही प्रीमियम राशि में 1.33 करोड़ रुपये तथा बीमित राशि में 88 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है।दावों के निपटान के संबंध में उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 के दौरान कुल 3,208 मैच्योरिटी क्लेम का भुगतान किया गया, जिनकी कुल राशि 61.74 करोड़ रुपये रही। इसके अतिरिक्त, गत वर्ष 71 मृत्यु दावों का निपटारा किया गया था, जिनकी कुल दावा राशि 1.44 करोड़ रुपये थी, जबकि इस वर्ष 87 मृत्यु दावों का निपटान किया गया, जिनमें 1.79 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया गया।
अधीक्षक डाकघर धर्मशाला ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे डाक विभाग की बीमा योजनाओं को अपनाकर अपने एवं अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित बनाएं।

0 Comments