Ticker

6/recent/ticker-posts

21–23 अगस्त तक आयोजित होगी विशेष लोक अदालत




कुल्लू, 05 मई : अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुल्लू, विशाल तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि न्याय को सरल, सुलभ एवं त्वरित रूप से आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारत के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा "समाधान समारोह 2026" का आयोजन 21 अप्रैल 2026 से प्रारंभ किया जा चुका है। इस अभियान का समापन 21, 22 व 23 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत के साथ किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस विशेष लोक अदालत में सर्वोच्च न्यायालय में लंबित विभिन्न प्रकार के मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, चेक बाउंस, भू-अधिग्रहण, आपराधिक सुलहनीय मामले, श्रम विवाद तथा अन्य समझौता योग्य प्रकरण शामिल होंगे।

विशाल तिवारी ने बताया कि विशेष लोक अदालत का आयोजन सर्वोच्च न्यायालय परिसर में किया जाएगा। हालांकि, इससे पूर्व संबंधित मामलों के समाधान हेतु सुलह बैठकों का आयोजन राज्य, जिला, तालुका एवं उच्च न्यायालय स्तर पर स्थित विधिक सेवा प्राधिकरणों के मध्यस्थता केंद्रों में किया जाएगा। इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थों एवं संबंधित प्राधिकरण के सचिवों द्वारा पक्षकारों को आपसी सहमति बनाने में सहायता प्रदान की जाएगी।

उन्होंने आगे बताया कि जो इच्छुक पक्षकार अपने मामलों को इस विशेष लोक अदालत में शामिल करना चाहते हैं, वे सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है।

अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुल्लू (हिमाचल प्रदेश) के दूरभाष नंबर 01902-222378 पर संपर्क किया जा सकता है।

Post a Comment

0 Comments